शहर के वार्ड 29 स्थित गन्नीपुर केंद्रीय विद्यालय रोड, धुनिया टोला, प्रोफेसर कालोनी, मिश्रा टोला में सड़क पर दो से तीन फीट पानी लगा हुआ है। वार्ड सात स्थित बीबीगंज एवं आनंदपुरी मेें कमर तक पानी जमा है। वार्ड 35 स्थित रज्जू साल लेन दरिया बना हुआ है। अमरूद बागान तालाब बन गया है। शहर के ऐसे दो दर्जन मोहल्ले हैं जो दो दिन पूर्व हुआ बारिश के कारण टापू बन गए हैं। इन मोहल्लों में रहने वाले हजारों लोग वाटर अरेस्ट हैं। कामकाजी लोग किसी तरह निकल रहे हंै, लेकिन महिलाएं एवं बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। स्कूल नहीं जा पाने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। आम लोगों के साथ-साथ वार्ड पार्षदों का घर भी पानी में डूबा हुआ है। धुनिया टोला स्थित वार्ड 29 की पार्षद रंजू सिन्हा के घर के पास सड़क पर चार फीट पानी लगा है।


पार्षद के साथ-साथ वह अधिवक्ता भी हैं। जलजमाव के कारण वे घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। उनका कहना है कि मोहल्ले में जमा पानी कैसे निकलेगा, समझ में नहीं आ रहा। हालात से मुक्ति दिलाने के लिए लगातार निगम प्रशासन से गुहार लगा रही हैं लेकिन निगम प्रशासन भी कुछ नहीं कर पा रहा है। वार्ड सात की पार्षद सुषमा देवी का बीबीगंज स्थित घर चारों तरफ पानी से घिरा हुआ है। उनका भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रज्जू लेन स्थित वार्ड 35 की पार्षद आभा रंजन का घर भी बारिश के पानी से घिरा हुआ है। उनके मोहल्ले में रहने वालों की हालत बहुत खराब है। दो माह से मोहल्ला पानी में डूबा हुआ है। बड़ी मुश्किल से लोग घरों से निकल पा रहे हैं। सबसे खराब स्थिति मिठनपुरा एवं चर्च रोड से जुड़े गली-मोहल्लों की है। मुख्य ऊंचा कर दिए जाने के कारण सभी गली-मोहल्ले डूबे हुए हैं। लोग यह पीड़ा पिछले दो माह से झेल रहे हैं

सोमवार को बारिश नहीं होने शहरवासियों ने फिलहाल राहत की सांस ली है। बारिश नहीं होने से मोतीझ्ील, स्टेशन रोड, जवाहर लाल रोड, मिठनपुरा रोड, आम गोला रोड कलमबाग रोड में जमापानी धीरे-धीरे निकल निकल रहा है। फिलहाल वहां पानी लगा हुआ है। मुख्य सड़कों की बात करें तो बेला रोड, कालीबाड़ी रोड, चैपमैन स्कूल रोड, तिलक मैदान रोड, रामबाग रोड, केदारनाथ रोड में अभी बारिश का पानी लगा हुआ है। नगर निगम आडिटोरियम एवं जुब्बा सहनी पार्क भी बारिश के पानी में डूबे हैं। पार्क में लगे फूल एवं पौधे पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। आडिटोरियम भी पानी के कारण बंद है। इससे नगर निगम को भारी नुकसान हो रहा है।





Leave a Reply