अगर आप बगैर टिकट ट्रेन में सफर करने के आदि हैं तो संभल जाइए। वरना बिना टिकट सफर करना आपको काफी महंगा पड़ सकता है। पकड़े जाने पर आपको जुर्माना भरना पड़ सकता है, इसलिए उचित टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें। दरअसल, कोरोना के मामलों में भारी कमी आने के बाद रेलवे ने बड़े स्तर पर टिकट चेकिंग अभियान की शुरुआत कर दी है। बगैर टिकट और उचित टिकट लिए बगैर ट्रेन में सफर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पूर्व मध्य रेलवे ने इस अभियान को सभी रेल डिवीजन के तहत चलाया है। बड़े स्तर पर चलाए गए इस टिकट चेकिंग अभियान का पूर्व मध्य रेलवे को बड़ा फायदा भी मिला है। महज 7 दिनों के अभियान में 20 हजार लोग पकड़े गए, जो बगैर टिकट ट्रेनों में सफर कर रहे थे। इनसे जुर्माना के तौर 1 करोड़ रुपए वसूल किए गए। CPRO राजेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। इनके अनुसार पूर्व मध्य रेल के सभी 5 रेल डिवीजन में अधिकारियों की अलग-अलग टीम बनाई गई है, जिनकी मॉनिटरिंग में स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।


7 दिन तक चला पहला अभियान
पहला अभियान 24 से 30 सितंबर तक पूर्व मध्य रेलवे के सभी रेल डिवीजन में चलाया गया है। धनबाद डिवीजन में 5 हजार 376 लोगों को बिना टिकट के पकड़ा गया। इनसे लगभग 32 लाख रूपए जुर्माना वसूल किया गया।

3 दिन में बिना टिकट के 333 मामले सामने आए
इसी तरह सोनपुर डिवीजन में 10 हजार 426 लोगों से 47 लाख से अधिक रुपए, पंडित दीन दयाल उपाध्याय डिवीजन में 831 लोगों से 3.80 लाख रुपए, समस्तीपुर डिवीजन में 3614 लोगों से 21 लाख से अधिक रुपए रेल राजस्व के रूप में वसूले गए। वहीं, दानापुर डिवीजन में 27 से 29 सितंबर तक ही यह अभियान चला। 3 दिन में बिना टिकट के कुल 333 मामले सामने आए। इनसे 1.22 लाख रुपए बतौर जुर्माना वसूला गया।

लगातार जारी रहेगा अभियान
CPRO के अनुसार, बिना टिकट यात्रियों की धर-पकड़ के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पूर्व मध्य रेलवे के GM अनुपम शर्मा ने खुद हाई लेवल मीटिंग कर चेकिंग अभियान के लिए निर्देश जारी किया था।




Leave a Reply