पटना. विशेष राज्य का दर्जा मुद्दे पर बिहार (Bihar) में सियासत गर्म है. इस कड़ी में विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि 2024 के आम चुनाव में अगर उनकी पार्टी की अगुवाई वाली महागठबंधन को 40 में से 39 सीटें मिलती हैं तो जो भी प्रधानमंत्री (Prime Minister) बनेंगे, वो खुद पटना आकर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा (Special State Status) देने की घोषणा करेंगे. तेजस्वी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘2024 में अगर हमारा गठबंधन बिहार की 40 में से 39 सीटें जीतता है तो जो भी प्रधानमंत्री बनेंगे, वो स्वयं पटना आकर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की घोषणा करेंगे.’
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता ने कहा कि हम नीति, सिद्धांत, सरोकार, विचार और वादे पर अडिग रहते हैं. हमारी रीढ़ की हड्डी सीधी है, हम जो कहते हैं वो करते हैं. साथ ही उन्होंने नीतीश सरकार के मंत्री बिजेन्द्र यादव उस बयान से संबंधित खबर को भी साझा किया जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘अब बिहार सरकार केंद्र से विशेष दर्जे की मांग नहीं करेगी.’



‘नीतीश कुमार थक चुके हैं, उनकी पार्टी भी यह मान चुकी है’
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पटना विश्वविद्यालय (PU) को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा नहीं दिला पाए, वो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्या दिला पायेंगे. क्या यही 40 में से 39 सांसदों वाला डबल इंजन की सरकार है. मैंने पहले ही कहा था नीतीश कुमार थक चुके हैं. अब तो उनकी पार्टी स्वयं मान रही है कि वो (नीतीश कुमार) थक चुके हैं.

बता दें कि सोमवार को योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र यादव ने बिहार को विशेष दर्जा दिए जाने की अपनी पार्टी जेडीयू की लगातार मांग पर कहा था कि हमने कई बार इस मुद्दे को केंद्र के सामने उठाया, साथ ही इसे लेकर कमेटी का गठन भी किया जिसकी रिपोर्ट केंद्र को सौंपी गई लेकिन कुछ नहीं हुआ. किसी भी चीज की एक सीमा होती है, अब कब तक हम इसे लेकर बैठे रहेंगे. अब बिहार के लिए हर क्षेत्र में विशेष सहायता की मांग केंद्र सरकार से की जाएगी.




Leave a Reply