बिहार सरकार वैक्सीनेशन को लेकर बड़े टारगेट पर काम कर रही है। 30 सितंबर तक साढ़े 5 कराेड़ वैक्सीनेशन का बड़ा टारगेट है, फिर इसे बढ़ाकर 6 माह में 6 करोड़ करना है। बिहार सरकार ने 6 माह में 6 करोड़ वैक्सीनेशन के लिए न सिर्फ साइट बढ़ाया है, बल्कि जिलों का लक्ष्य भी बढ़ाया है। समय-समय पर मेगा कैंप भी लगाया जा रहा है, जिससे टारगेट को जल्दी पूरा किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 30 सितंबर तक साढ़े 5 करोड़ का टारगेट पूरा कर लिया जाएगा।
मंगलवार को 5847 सेंटर पर वैक्सीनेशन
बिहार में मंगलवार को 5,847 सेंटर पर वैक्सीनेशन कराया गया है। इसमें 5,837 सेंटर सरकारी और 10 सेंटर प्राइवेट हैं। प्राइवेट पर लोगों की संख्या कम है, क्योंकि वहां वैक्सीन के लिए निश्चित चार्ज किया जा रहा है। सरकारी सेंटर पर सरकारी की तरफ से नि:शुल्क कोरोना टीका लगाया जा रहा है। इस कारण से सरकारी सेंटरों पर वैक्सीन लेने वालों की भीड़ लग रही है।


4 बजे तक डेढ़ लाख वैक्सीनेशन
मंगलवार की शाम 4 बजे तक 1,53,950 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। अब तक बिहार में कुल 5,39,40,053 लोगों को टीका लगा है, जिसमें 4,33,05,536 लोगों को पहली और 1,06,34,517 लोगों को दूसरी डोज लगी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि हर दिन वैक्सीनेशन का ग्राफ बढ़ रहा है। गांव से लेकर शहर तक लोग वैक्सीनेशन के लिए आगे आ रहे हैं।

पटना में 9104 वैक्सीनेशन
मंगलवार की शाम 4 बजे तक पटना में 9,104 लोगों को टीका लगाया गया है। पटना में अब तक 48,00,291 लोगों को टीका लगा है। इसमें पहला डोज लेने वालों की संख्या 31,96,348 है और दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 16,03,943 है। पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि कोरोना के टीकाकरण को लेकर विशेष रूप से अभियान चलाया जा रहा है। डीएम का कहना है कि जो भी बड़ा लक्ष्य होता है, उसे पूरा करने को पूरा जोर दिया जाता है।




Leave a Reply