राज्य पथ परिवहन निगम अगले माह से रांची, टाटा और गाेरखपुर के लिए एसी बसें चलाएगा। इसके लिए झारखंड और उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन प्राधिकार से परमिट मिल गई है। परमिट नहीं मिलने के कारण ये सभी बसें इमलीचट्टी बस डिपाे में तीन माह से खडी थीं। अब परमिट मिल जाने के बाद इन सभी स्थानाें के लिए एसी बस परिचालन का रास्ता साफ हाे गया है।
पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार ने रविवार को बताया कि मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लाेग रांची-टाटा और गाेरखपुर आते-जाते हैं। इन लाेगाें की सहूलियत के लिए परिवहन निगम एसी बसाें का परिचालन शुरू कर रहा है। परमिट मिलने के बाद अब नए सिरे से किराया तय होगा।


उम्मीद है कि दाे-तीन दिनाें में किराए के साथ बसों की टाइमिंग का निर्धारण हाे जाएगा। ऐसे में अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही बस परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक ने दावा किया कि परिवहन निगम द्वारा इन बसों का परिचालन शुरू किए जाने से लाेगों को सस्ती और आरामदायक यात्रा का लाभ मिल सकेगा। बसें एसी होने के साथ ही पूरी तरह लक्जरी भी है। यात्रियों से सरकार की ओर से निर्धारित किराया ही से लिया जाएगा।





Leave a Reply