BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में फिर से कोरोना विस्फोट ! दिल्ली-मुंबई से आए 69 यात्री कोरोना पॉजिटिव

मधुबनी. बिहार में करीब 2 महीने बाद फिर से कोरोना (Corona Pandemic) की दहशत देखी जा रही है. अकेले मधुबनी जिले में पिछले तीन दिनों में दिल्ली और मुंबई से आने वाले 65 से अधिक यात्रियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव (Corona Positive) आने की बात कही जा रही है, हालांकि जिला प्रशासन के द्वारा फिलहाल पॉजिटिव मरीजों की संख्या को लेकर कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. मधुबनी के सिविल सर्जन के मुताबिक सोमवार तक मधुबनी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली और मुंबई से आने वाले 69 यात्रियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है.

सिविल सर्जन डॉ सुनील कुमार झा का कहना है कि पॉजिटिव पाए गए किसी भी यात्री में कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिले हैं, लिहाजा सभी को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है. सिविल सर्जन का कहना है कि पॉजिटिव केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच में भी पूरी सावधानी बरती जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को नई दिल्ली से आई स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और मुंबई से आई पवन एक्सप्रेस से मधुबनी पहुंचे करीब 35 यात्रियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए गए हैं.

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बाहर से आने वाले यात्रियों की टेस्टिंग के साथ ट्रेसिंग, यानी इन यात्रियों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी भी जांच की जा रही है. सिविल सर्जन ने सभी लोगों से कोरोना गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करने की अपील भी की है. करीब 2 महीने बाद इतने तादाद में कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आने के बाद कोरोना की तीसरी लहर की आशंका से आम लोगों में दहशत बढ़ गई है. मधुबनी जिला प्रशासन ने फिलहाल पॉजिटिव मरीजों की संख्या की पुष्टि नहीं की है. बताया जा रहा है कि आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हालात की सही जानकारी मिल पाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.