पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत्त सरपंच पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सरपंच पति थाना क्षेत्र के कन्छेदवा निवासी तारा पासवान बताए जाते हैं। घटना शनिवार देर शाम की है।
वहीं घटना के संबंध में बताया जाता है कि सरपंच पति तारा पासवान साइकिल से अपने घर से निकले थे। इस दौरान कन्छेदवा चौक के समीप शराब के नशे में धुत्त होकर सड़क किनारे जमीन पर पड़े थे। इसी बीच हरसिद्धि थाना पुलिस की गश्ती गाड़ी वहां से गुजर रही थी। गाड़ी की रोशनी पड़ने पर पुलिस जवानों ने एक व्यक्ति को सड़क किनारे गिरा हुआ देखा।


पुलिस ने गाड़ी रोककर उस व्यक्ति को जब देखा, तो पता चला कि कन्छेदवा का सरपंच पति तारा पासवान हैं। वह शराब के नशे में धुत्त है। जिसके चलते वह गिरकर सड़क किनारे पड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाना ले गई और इसके साथ पूछताछ की।


पुलिस ने कराया मेडिकल
रविवार को सरपंच पति तारा पासवान का पुलिस ने मेडिकल कराया है। जिसमें सरपंच पति के शराब पीने की पुष्टि हुई है। इस बाबत थानाध्यक्ष प्रमोद पासवान ने बताया कि सरपंच पति की मेडिकल जांच कराई गई है। जिसमें उनके शराब पीने की पुष्टि हुई है। सरपंच पति को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।





Leave a Reply