मुजफ्फरपुर : रेलकर्मी के अथक परिश्रम से पूर्व मध्य रेलवे नई ऊंचाई प्राप्त करने में रहेगा सफल : महाप्रबंधक
मुजफ्फरपुर। रेलकर्मी के अथक परिश्रम से पूर्व मध्य रेल आने वाले समय में नई ऊंचाई प्राप्त करने में सफल रहेगा। कोरोना के दौरान हमारे रेलकर्मियों ने बेहतर कार्य निष्पादन किया। इसी का परिणाम है कि हमारा माल लदान निरंतर बढ़ रहा है। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की आयोजित बैठक के अध्यक्षीय संबोधन में उक्त बातें कहीं।


पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में महाप्रबंधक अनुपम शर्मा की अध्यक्षता में ईस्ट सेन्ट्रल कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ कर्मचारी कल्याण संबंधी कार्यों पर विचार-विमर्श एवं सुझावों के आदान प्रदान हेतु स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की वर्ष 2021 की दूसरी बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें अपर महाप्रबंधक अशोक कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जे.के.पी. सिंह , मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे ।
इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने कहा कि कर्मचारी हित अति महत्वपूर्ण है। रेल प्रशासन उनके लिए प्रतिबद्ध है। विशेषकर महिला रेलकर्मी को कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना हमारी प्राथमिकता है। कोरोना के दौरान हमारे रेलकर्मियों ने बेहतर कार्य निष्पादन किया। इसी का परिणाम है कि हमारा माल लदान निरंतर बढ़ रहा है। महाप्रबंधक ने प्रशासन के साथ सहयोगात्मक रवैये के लिए कर्मचारी यूनियन के प्रति आभार प्रकट करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि रेलकर्मी के अथक परिश्रम से पूर्व मध्य रेल आने वाले समय में नई ऊंचाई प्राप्त करने में सफल रहेगा।


बैठक में कर्मचारी यूनियन ने रेलवे अस्पताल को और उन्नत किये जाने, महिला कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास, कर्मचारी कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों, खेलों के विकास में रेलवे का योगदान, बढ़ते कार्यभार के अनुरूप अतिरिक्त पदों के सृजन इत्यादि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। महाप्रबंधक ने कर्मचारी यूनियन की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसे यूनियन प्रतिनिधियों द्वारा सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। महाप्रबंधक ने उच्चाधिकारियों को कर्मचारी यूनियन की मांगों तथा कर्मचारी कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया।


बैठक का संचालन मुख्य कार्मिक अधिकारी (आई.आर.) सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव द्वारा संचालित किया गया। ईस्ट सेन्ट्रल कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष डीके पाण्डेेय, महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष एसएसडी मिश्रा एवं यूनियन के अन्य पदाधिकारियों ने अपना-अपना मंतव्य रखा।




Leave a Reply