BIHARBreaking NewsSTATE

11 क्विंटल गांजा बरामद, कीमत करोड़ों में, अंतरराज्यीय तस्कर प्रदेशभर में करते थे सप्लाई

Bihar News : जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र की जैतपुर पंचायत अंतर्गत तिरासी गांव से रविवार की देर रात पुलिस ने तीन घरों में छापेमारी करके 11 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर रौशन सिंह के सहयोगी तिरासी के पिंटू महतो उर्फ बाघा को गिरफ्तार भी कर लिया। रौशन सिंह अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब रहा।

जैतपुर गांजा तस्करी का अंतरराज्यीय केंद्र है और यहां तस्करों ने अपनी गहरी पैठ बना रखी है। लखीसराय के एसपी सुशील कुमार ने यह जानकारी दी है। वे बड़हिया थाना में प्रेस से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की जैतपुर के कुख्यात तस्कर रौशन सिंह ने काफी मात्रा में गांजा का खेप मंगाया है।

इसके बाद तिरासी टोला में अपने सहयोगियों के घर में छिपाकर रखा है। उस गांजा को बाहर भेजने की फिराक में है। सूचना मिलने पर तत्काल बड़हिया थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर रौशन सिंह के विभिन्न अड्डों पर छापेमारी की गई।

उसके सहयोगी पिंटू महतो उर्फ बाघा, प्रकाश महतो एवं पाली महतो के बंद घर में छापेमारी की गई। इसमें पुलिस कोपिंटू महतो के घर से 282.190 किलो, पाली महतो के घर से 565.900 किलो, प्रकाश महतो के घर से 282.190 किलो सहित कुल 11 क्विंटल 590 ग्राम गांजा बरामद किया गया। छापेमारी के क्रम में रौशन सिंह मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

उसके सहयोगी पिंटू महतो उर्फ बाघा को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सुशील कुमार ने बताया कि बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ है। जानकारी हो कि जैतपुर में बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी होती आ रही है। इसके पहले भी 11 अगस्त 2021 को जैतपुर से 41 किलो गांजा के साथ जमुई जिले के सनकुरहा के दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया गया था। प्रेस कांफ्रेंस में मौके पर एसडीपीओ रंजन कुमार एवं छापेमारी टीम के एसआइ रंजन कुमार, संजीत कुमार, ओमप्रकाश सिंह, राकेश कुमार, टाइगर मोबाइल जवान राजू कुमार, प्रमोद कुमार एवं पीटीसी कृपाशंकर शुक्ला आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.