BIHARBreaking NewsSTATE

पटना में 100% टीकाकरण, 18+ के सभी 44 लाख लोगों को लगी वैक्सीन

पटना जिले में 100 फीसदी लोगों को कोराना का टीका लग गया है। जिले में 18 साल से ऊपर के लोगों की कुल आबादी 43,49,131 है। रविवार तक 43,53,864 लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि 18 साल से ऊपर के सभी लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है।

हालांकि 30,26,640 लोगों को पहली ही डोज लगी है। दोनों डोज लेने वालों की संख्या 13,27,274 है। अब सेकेंड डोज को ही प्राथमिकता के आधार पर लगाया जाएगा। राज्य में रविवार को 2,09,228 लोगों का वैक्सिनेशन हुआ जिसमें सबसे अधिक पटना में ही टीके लगे हैं।

62% को टीके की कोई न कोई डोज लगी
बिहार में आधे से अधिक लोगों को कोरोना टीके की पहली या दूसरी डोज लग चुकी है। 2011 की जनसंख्या के अनुसार बिहार में 18 साल से ऊपर के 7.22 करोड़ लोग हैं। अभी इन्हीं को टीका लगना है। रविवार तक राज्य में 4.47 करोड़ से अधिक लोगों को टीका लग चुका है। 3,69,26,773 लोगों को पहली डोज और 78,50,014 दोनों डोज लगी है।

शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण लगभग पूरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शहरी इलाकों में टीकाकरण का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण चल रहा है। जुलाई से राज्य सरकार ने 6 महीने में 6 करोड़ टीके का अभियान शुरू किया है। इसी अनुरूप टीकाकरण अभियान चल रहा है। सितंबर में 1.25 करोड़ टीका का लक्ष्य है।

18-44 साल आयु वर्ग के 2.50 करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन
राज्य में 18-44 आयुवर्ग के 2,50,14,322 लोगों को टीका लग चुका है। अभी इस उम्र के 4.78 लाख लोगों को टीका लगना है। राज्य में 45-60 साल के 1.11 करोड़ लोगों का वैक्सिनेशन हो चुका है। 60 साल से ऊपर के 86.35 लाख लोगों को टीका लगाया गया है। 45 साल से ऊपर के कुल 2.44 करोड़ लाभार्थी राज्य में हैं। बच्चों को अभी टीका नहीं लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.