मुजफ्फरपुर जंक्शन रविवार की शाम 4 घंटे तक आईटीआई परीक्षार्थियों के कब्जे में रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद जंक्शन पहुंचे हजाराें आईटीआई परीक्षार्थियों ने तोड़फोड़ की और वेंडरों के सामान लूट लिए। परीक्षार्थियों के बवाल के कारण जीआरपी- आरपीएफ दुबकी रही। गलत अनाउंसमेंट से लोगों में भगदड़ मच गई। बाद में रेलवे ने 11 बजे रात काे नरकटियागंज के लिए स्पेशल ट्रेन खाेलने की घाेषणा की।
शाम से देर रात तक गुजरने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों में यात्रियों को सीट से उठाकर परीक्षार्थियाें ने कब्जा जमा लिया। पाटलिपुत्र -रक्सौल इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने पर परीक्षार्थियों ने जमकर बवाल किया। गार्ड ब्रेक और इंजन पर भी सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी चढ़ गए। जिसके बाद गार्ड ने ट्रेन चलाने से इनकार कर दिया।



सूचना पर आरपीएफ के जवान पहुंचे और समझा-बुझाकर किसी तरह गार्ड ब्रेक से युवकों को उतारा। इधर, पूछताछ केंद्र से गलत अनाउंस कर दिया कि ट्रेन लगी है। जिन यात्रियों को नरकटियागंज की ओर जाना है वे जाकर बैठ जाएं। इस पर भगदड़ मच गई। महिलाओं व लड़कियों को अधिक परेशानी हुई। इस लापरवाही को लेकर पूछताछ कर्मियों को जीआरपी थानेदार कुमार साहू ने फटकार लगाई।




Leave a Reply