लालू प्रसाद के दोनों बेटों के बीच विवाद अभी तक थमा नहीं है। बड़े भाई तेजप्रताप को अनुशासन में रहने की नसीहत देने और बड़ों का सम्मान करने की सीख देकर तेजस्वी यादव जो दिल्ली गए थे अभी तक लौटे नहीं हैं। इस बीच तेजप्रताप यादव वृंदावन में अपने अध्यात्मिक गुरु श्री बल्लभाचार्य से मिले और फिर दिल्ली में राजनीतिक गुरु लालू प्रसाद से भी। रक्षा बंधन में दिल्ली में रह रही बहनों से भी उनकी मुलाकात हुई। जाहिर है कि इस दौरान लालू प्रसाद ने भी तेजप्रताप यादव को समझाया। लेकिन असर महज इतना है कि वे जगदानंद सिंह, संजय यादव और तेजस्वी यादव के खिलाफ सीधे-सीधे कोई बयान नहीं दे रहे हैं। लेकिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन उन्होंने महाभारत का वह श्लोक लाइव आकर कहा- यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम् ।। परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम् । धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे।।


श्लोक का मतलब राजनीति से जोड़ कर समझा जा रहा
इस श्लोक का अर्थ है- जब-जब इस पृथ्वी पर धर्म की हानि होती है, विनाश का कार्य होता और अधर्म आगे बढ़ता है, तब-तब मैं इस पृथ्वी पर आता हूं और इस पृथ्वी पर अवतार लेता हूं। तेजप्रताप यादव के महाभारत वाले श्लोक को उनकी राजनीति से जोड़ कर भी समझा जा रहा है कि पार्टी में किसी की मनमानी नहीं चलने देंगे। जंगदानंद सिंह के अनुसासन की तुलना हिटलर वाली तानाशाही से तेज ने की थी।
नसीहत के बावजूद जगदानंद सिंह से नहीं मिले, न अपनी गलती स्वीकारी
तेजप्रताप यादव दिल्ली से लालू प्रसाद से बातचीत कर लौटे तो पार्टी ऑफिस भी गए और लालू प्रसाद के चैम्बर में ढ़ाई घंटे तक बैठे रहे, लेकिन तेजस्वी की नसीहत काम नहीं आई और तेज, जगदानंद सिंह के चैम्बर में उनसे मिलने नहीं गए। तेजप्रताप यादव जानते हैं कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव, जगदानंद सिंह को ही सपोर्ट कर रहे हैं और आम सहमति के बाद ही आकाश यादव को हटाया गया। इसलिए पार्टी के भीतर की यह लड़ाई तेज और तेजस्वी के बीच की बन गई है। तेजप्रताप यादव यह भी खूब समझते हैं कि बैठ कर बात करना चाह लें तेजस्वी यादव तो संजय यादव या अन्य कोई भला रोक सकता है क्या ? जन्माष्टमी के बाद तेजप्रताप यादव की गतिविधि का इंतजार उनके पार्टी के कार्यकर्ताओं को है और विरोधी पार्टी को भी।




Comment here