नई दिल्ली. पटना में जेडीयू की नेशनल काउंसिल की मीटिंग में जो प्रस्ताव पारित हुआ उसके बाद बिहार की सियासत में बवाल मचा हुआ है. नीतीश कुमार (Nitish Kuma) को उनकी पार्टी जेडीयू ने पीएम मेटेरियल (Nitish Kumar PM Material) बताया तो इस पर बीजेपी कह रही है कि फिलहाल पीएम के पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है. इसी मुद्दे पर बीजेपी और जदयू के सांसद और तमाम बड़े नेता उलझ गए हैं. बीजेपी सांसद अजय निषाद (BJP MP Ajay Nishad) ने जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना साधा है. अजय निषाद ने कहा है कि उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) यादव का दूध और कुशवाहा का चावल लेकर के खीर बना रहे थे लेकिन खीर उनका पका नहीं. अब वो घूम फिर कर फिर से जदयू में आ गए हैं.
निषाद ने कहा कि जदयू के भीतर उनका एक सपना है. अगर नीतीश कुमार का केंद्र की राजनीति में प्रमोशन होता है तो बिहार में मुख्यमंत्री का पोस्ट खाली होगा. आजकल तो उनका होर्डिंग भी लग रहा है कि भावी मुख्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ही हैं.



बीजेपी सांसद अजय निषाद (फाइल फोटो)

अजय निषाद ने उपेंद्र कुशवाहा से इस मुद्दे पर कहा कि न तो देश में प्रधानमंत्री का पद खाली है ना बिहार में मुख्यमंत्री का पद. अजय निषाद ने कहा यह सभी लोग जो ख्याली पुलाव पका रहे हैं उनसे दूर-दूर तक कुछ भी नहीं होने वाला नहीं है. उन्होने आगे कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए बहुत मेहनत की जरूरत होती है. किसी एक स्टेट के नेतृत्व पर प्रधानमंत्री नहीं बना जा सकता.
जेडीयू ने भी इस मुद्दे पर खुल कर अपनी राय रख दी है. जेडीयू सांसद सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि
हम चाहते हैं कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ से किए गए काम को देश के दूसरे राज्यों में भी बताया जाए. बीजेपी के साथ हमारा गठबंधन केवल बिहार में है. बिहार के बाहर हमारा गठबंधन नहीं है. हम बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ किए गए काम के आधार पर देश के दूसरे राज्यों में भी जनता को बताएंगे कि अगर आप भी चाहते हैं आपके यहां ऐसा काम हो तो यह तभी संभव है जब आप मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का प्रधानमंत्री बनाएं.

जेडीयू सांसद सुनील कुमार पिंटू (फाइल फोटो)

जेडीयू सांसद ने कहा कि जब दो सीटों वाली बीजेपी केंद्र में सरकार बना सकती है तो हम तो 16 हैं.
सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि किसी ने क्या कभी सोचा था कि दो सीट वाली बीजेपी 303 तक पहुंच जाएगी. हम भी जनता के बीच जाएंगे और हम बिहार में एनडीए के साथ हैं बिहार के बाहर नहीं
हम दूसरे राज्यों में अपनी पार्टी के विस्तार के लिए स्वतंत्र हैं. सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि हम 2024 में कोई दावा नहीं ठोक रहे हैं लेकिन राजनीतिक संभावना किसने देखा है. कल क्या होगा ये कौन जानता है यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा हुआ है. जब हमारी पार्टी का दूसरे राज्यों में विस्तार होगा तब उस दल के लोग भी हमारे साथ अपने आप जुड़ना चाहेंगे. तब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस बात का फैसला लेंगे कि किन के साथ गठबंधन करना है किन के साथ नहीं करना है.



Leave a Reply