बीपीएससी की ओर से आयोजित अंकेक्षक के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को शहर में 13 केंद्रों पर हुई। 12 से 2 बजे तक हुई परीक्षा में अभ्यर्थियों को मुखर्जी सेमिनरी समेत अन्य केंद्रों तक पहुंचने में जलजमाव का सामना करना पड़ा। वे जूता-मौजा हाथ में लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 65 फीसदी रही।
परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नों का स्तर थोड़ा कठिन था। इस कारण हल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। रोशन कुमार ने बताया कि जीएस से कठिन सवाल पूछे गए थे। सभी केंद्रों पर एंट्री के वक्त अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर एंट्री करने की मनाही थी। 13 केंद्रों पर कुल 5808 अभ्यर्थी आवंटित थे। इसमें से 35 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित हुए।

किचन व शौचालय तक घुसा है पानी लक्ष्मी नगर में वार्ड पार्षद का घेराव
लक्ष्मी नगर के लोगों ने घर में पानी घुसने पर वार्ड वार्ड 49 की पार्षद निर्मला गुप्ता का घेराव किया। पार्षद ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर जलजमाव की निजात दिलाने की मांग की। वार्ड 4 के ब्रह्मपुरा नूनफर मोहल्ले के दो दर्जन से ज्यादा लोगों के किचन व शौचालय में पानी घुस गया है। उधर, वार्ड पार्षद केपी पप्पू ने कहा कि बालूघाट, गोला बांध रोड इलाके में लोग ग्राउंड फ्लोर पहले ही खाली कर चुके हैं। वार्ड 7 की पार्षद सुषमा देवी ने कहा कि उनके कैंपस में भी पानी घुसा हुआ है। उधर, दानापुर स्थित रेल नीर के प्लांट में पानी घुस जाने के कारण जंक्शन समेत ट्रेनों में भी रेल नीर की सप्लाई बंद हो गई है।

डीएम ने ई. बृजेश्वर ठाकुर से जलजमाव पर की बात
आर्किटेक्ट ई. बृजेश्वर ठाकुर से डीएम प्रणव कुमार ने जल जमाव की समस्या पर बात की है। श्री ठाकुर का कहना है कि शहर की भौगोलिक स्थिति से लेकर बुडको द्वारा सेकंड फेज में नाला बनाने को लेकर डीपीआर तैयार किया जा रहा है। उसमें केवल 49 वार्ड को ही शामिल किया गया है। लेकिन पूरे शहर की एक साथ प्लानिंग की जानी चाहिए।




Leave a Reply