RJD में मचे घमासान के बाद तेज प्रताप यादव गुरुवार शाम मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा- ‘वह छात्र राजद के संरक्षक है और यह संवैधानिक पद है। राजद कार्यालय को जंजीर से जकड़ कर रखा जाता है। पार्टी में विधायकों को विभाजित किया जाता है। जगदानंद सिंह को RSS वाले हैंडिल कर रहे हैं।’

प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के -हू इज तेजप्रताप- वाले बयान को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा- ‘हू इज तेज प्रताप कहकर ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं क्या? कल के दिन कहेंगे कि वह लालू प्रसाद को भी नहीं पहचानते हैं। तेजस्वी यादव को भी नहीं पहचानते हैं।’ आरोप लगाते हुए तेज प्रताप ने कहा- ‘जगदानंद सिंह नौजवानों को रोकने का काम कर रहे हैं। वे पार्टी के संविधान के खिलाफ जा रहे हैं। उन पर कार्रवाई नहीं हुई तो मुकदमा करेंगे।’

तेजप्रताप का आरोप है कि जगदानंद सिंह दोहरी राजनीति कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी में बिखराव होगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को RJD का संविधान अच्छी तरह तरह पढ़ने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा है- ‘जगदानंद सिंह पर मुकदमा होना चाहिए। वह सोच रहे हैं कि RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे, पर ऐसा नहीं होगा। मैं लालू प्रसाद जी से बात करूंगा, अगर बात साफ नहीं हुई तो मैं पार्टी की गतिविधि में शामिल नहीं रहूंगा।’ प्रेस कांफ्रेंस में तेज प्रताप बुधवार को छात्र RJD के प्रदेश अध्यक्ष पद से आकाश यादव के हटाए जाने से आहत दिखे। आकाश को उनका करीबी माना जाता है।

एक नजर में जगदानंद और तेज प्रताप विवाद
- 7 अगस्त: जगदानंद बोले-जींस पहनने वाले राजनीति नहीं कर सकते।
- 8 अगस्त: तेज प्रताप ने जगदानंद सिंह को हिटलर कहा।
- 9 अगस्त: सिंह ने कार्यालय और पार्टी के कार्यक्रम को छोड़ा।
- 13 अगस्त: तेजस्वी ने सवाल टालते हुए कहा- मनमुटाव नहीं है।
- 15 अगस्त: पार्टी कार्यालय में भी झंडा फहराने नहीं आए नाराज जगदानंद।
- 16 अगस्त: तेजस्वी एक बार फिर बोले- जगदानंद नाराज नहीं है।
- 18 अगस्त: दोपहर राबड़ी आवास गए जगदानंद। तेजस्वी से हुई लंबी बैठक।
- 18 अगस्त: देर शाम तेजस्वी के साथ पार्टी ऑफिस गए जगदानंद और छात्र RJD के प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव को पद से हटाकर गगन कुमार को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया।
- 18 अगस्त: रात 9.30 बजे तेज प्रताप ने सोशल मीडिया के माध्यम से तेजस्वी के रणनीतिक सलाहकार और जगदानंद पर साधा निशाना, बोले-“अगर जगदा बाबू की हैसियत है तो मुझ पर कार्रवाई करके दिखाएं। वह पार्टी में मनमानी कर रहे हैं। वह भूल गए हैं कि पार्टी संविधान से चलता है और पार्टी का संविधान कहता है कि बिना नोटिस दिए आप किसी पदाधिकारी को पदमुक्त नहीं कर सकते हैं ‘ उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए यह भी कहा-“पार्टी में हमारे विरोधी हमारी हत्या भी करा सकते हैं।’
- वहीं, छोटे भाई तेजस्वी यादव के रणनीतिक सलाहकार संजय यादव पर भी निशाना साधा है। तेज प्रताप ने कहा है-‘हमारी हैसियत मिटाने की क्षमता किसी में नहीं है। हम लोगों के दिलों में रहते हैं।’
- 19 अगस्त: दोपहर तेजस्वी यादव ने कहा- कहीं कोई नाराजगी नहीं है। जब हम हैं, राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद हैं, तो सब ठीक हो जाएगा, चिंता करने की जरूरत नहीं।
- 19 अगस्त: दोपहर जगदानंद ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा- “मैं तेजप्रताप को नहीं पहचानता। मैं अपने अध्यक्ष लालू प्रसाद को जानता हूं। वह पार्टी के 75 विधानसभा सदस्यों में से एक हैं, इसके बाद क्या हैं?’
- 19 अगस्त: देर शाम तेज प्रताप ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा जगदानंद पर हमला बोला।
- अब तक लालू यादव ने इस पर चुप्पी नहीं तोड़ी है।





Leave a Reply