Breaking NewsJHARKHAND

#JHARKHAND; 29 दिसंबर दोपहर 2 बजे हेमंत सोरेन लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जानें…

झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को दोहपर दो बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। आधिकारिक प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी। प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी ने आज झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके आवास पर आज शाम पौने पांच बजे उनसे मुलाकात की तथा उन्हें राज्य के आगामी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया।सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि तिवारी ने आज शाम लगभग पौने पांच बजे मनोनीत मुख्यमंत्री के कांके रोड स्थित आवास पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण दिया। हेमंत को दिए आमंत्रण के अनुसार राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू हेमन्त सोरेन को 29 दिसम्बर 2019 को अपराह्न 2 बजे स्थानीय मोरहाबादी मैदान में आयोजित एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

इससे पहले झारखंड विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन के नेता सोरेन ने अपने सहयोगी दलों कांग्रेस और राजद के नेताओं और विधायकों के साथ 24 दिसंबर की रात्रि राज्यपाल से मुलाकात कर 50 विधायकों के समर्थन से राज्य में अपनी सरकार के गठन का दावा पेश किया था। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उनके दावे के अध्ययन के बाद 25 दिसंबर को उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री मनोनीत किया था और पद की शपथ के लिए आमंत्रित करने की अधिसूचना जारी की थी। राज्य में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में सभी 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे और 23 दिसंबर को मतों की गिनती की गयी थी। इन चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को जहां सिर्फ 25 सीटें मिलीं वहीं गठबंधन को कुल 47 सीटें मिलीं, जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट हासिल हुई।इसके अलावा भाजपा की सहयोगी रही सुदेश महतो की आजसू को दो सीटें मिली जबकि, बाबूलाल मरांडी की झारखंड विकास मोर्चा को तीन सीटें और अन्य को चार सीटें प्राप्त हुई।

विपक्षी गठबंधन को तीन विधायकों वाली बाबूलाल मरांडी की झाविमो ने भी बिना शर्त सरकार से बाहर रहते हुए समर्थन देने की घोषणा की है। इस बीच बुधवार को सोरेन ने दिल्ली पहुंच कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी से मुलाकात की तथा उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया ।उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से राज्य में सरकार के गठन और आगे की रणनीति पर भी विचार विमर्श किया। दिल्ली से लौट कर आज हेमंत सोरेन ने चारा घोटाले में सजायाफ्ता तथा न्यायिक हिरासत में स्थानीय रिम्स अस्पताल में इलाज करा रहे राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात की और समझा जाता है कि उन्होंने लालू से भी सरकार के गठन पर चर्चा की और उन्हें भी शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.