बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को अभी भी भरोसा है कि 15 अगस्त को तेजस्वी यादव गांधी मैदान में झंडोत्तोलन करेंगे। पार्टी प्रवक्ता भाई वीरेन्द्र ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि 15 अगस्त तक नीतीश सरकार गिर जाएगी और तेजस्वी यादव गांधी मैदान में झंडोत्तोलन करेंगे। गुरुवार को भाई वीरेन्द्र ने भास्कर के सवाल पर कहा- ’15 अगस्त तक इंतजार कीजिए। राजनीति में कब कहां कब क्या होगा, कुछ कहा नहीं जा सकता। समय आने दीजिए, समय सब बता देगा। समय आने पर आप लोगों को फिर से प्रेस कांफ्रेस के लिए बुलाऊंगा’।


वहीं, इस पर पलटवार करते हुए सत्तारुढ़ दल जनता दल यूनाईटेड के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा- ‘RJD के लोग ख्याली पुलाव पका रहे हैं, पकाने दीजिए। जिनके लिए सामाजिक न्याय का असली मतलब भ्रष्टाचार हो उसके लिए क्या कहा जाए सकता है। अब तो इनकी वाणी में भी राजनीतिक भ्रष्टाचार की बू आने लगी है। जब से नीतीश कुमार की सरकार बनी है तभी से पुलाव पका रहे हैं’।
ऐसी रही है परंपरा
गांधी मैदान में हर साल 15 अगस्त को बिहार के मुख्यमंत्री और 26 जनवरी को बिहार के राज्यपाल झंडोत्तोलन करते हैं। इस परंपरा के अनुसार, नीतीश कुमार बतौर मुख्यमंत्री झंडोत्तोलन करेंगे, लेकिन RJD का दावा है कि 15 अगस्त को बतौर मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव झंडोत्तोलन करेंगे।






Leave a Reply