BIHARBreaking NewsSTATE

रक्षाबंधन के दिन बहनों को परिवहन निगम का तोहफा / भाई के घर जा रही बहनों को सिटी सर्विस की बसों में नहीं लगेगा कोई किराया, पटना की 125 बसों में करेंगी मुफ्त सफर

रक्षा बंधन पर भाई के घर जा रही बहनों का सफर मुफ्त होगा। परिवहन विभाग ने रक्षाबंधन के दिन 22 अगस्त को महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। इस दिन महिलाएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सिटी सर्विस की बसों में मुफ्त यात्रा करेंगी। बस में सफर करने के लिए उन्हें किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होगा। पूरे दिन महिलाओं को सफर करने की छूट होगी, उनसे कोई किराया नहीं वसूला जाएगा। इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया गया है।

सिटी बसों में बढ़ेगी महिला भागीदारी

परिवहन विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने एवं सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन पर विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की निःशुल्क यात्रा के लिए कई संगठनों द्वारा अनुरोध भी किया गया है।

125 सिटी बसों में यात्रा मुफ्त

परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा राजधानी में कुल 125 सिटी सर्विस की बसों का परिचालन किया जा रहा है। इसमें 70 बसें सीएनजी और 14 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन सभी बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं एवं युवतियों के लिए बस सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी।

CCTV से होगी निगरानी

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्याम किशोर के अनुसार सिटी बसों में सफर के लिए महिलाओं को मंथली पास में पूर्व से ही विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही सभी बसों में 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। बसों में सफर के दौरान महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें, इसके लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.