BIHARBreaking NewsSTATE

कोरोना पर सीएम नीतीश का बड़ा बयान, कहा- हम काम करते हैं, प्रचार नहीं, तीसरी लहर पर ये कहा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के खतरों से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति, आवश्यक उपकरण व दवा की उपलब्धता, आधारभूत संरचनाओं का निर्माण आदि कार्य युद्धस्तर पर किये गये हैं। बचे हुए कार्य भी शीघ्र पूरे कर लिये जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हम काम पर विश्वास करते हैं न कि प्रचार पर।

सीएम ने कहा कि टीकाकरण के साथ-साथ कोरोना जांच व्यापक पैमाने पर किये जा रहे हैं। मैंने रोज दो लाख से अधिक लोगों के कोरोना जांच का निर्देश दिया है। ताकि कहीं एक व्यक्ति भी संक्रमित हों तो उसकी जानकारी हो और संक्रमण का फैलाव न हो। मुख्यमंत्री मंगलवार को अधिवेशन भवन में स्वास्थ्य विभाग की 2705 करोड़ की लागत से 989 योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करने के बाद अपना संबोधन दे रहे थे। 

पहले और अब की स्थिति की जानकारी दें

मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया में इसकी जानकारी दें कि वर्ष 2006 के पहले और अब की स्वास्थ्य सुविधाओं की क्या स्थिति है। नहीं तो लोग भूल जाएंगे कि वर्ष 2006 के पहले क्या बुरा हाल था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग गलत-सलत बातें भी डालते हैं। ऐसे लोगों को मौलिक चीजों की जानकारी नहीं होती है, पर अनाप-शनाप सोशल मीडिया पर डालते रहते हैं। ऐसे लोग युवाओं को गलत रास्ते पर भेज देंगे। इसलिए सही क्या है, इसकी जानकारी भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध करनी चाहिए। 

हम काम करते हैं, प्रचार नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम काम करने पर विश्वास करते हैं, प्रचार नहीं। उन्होंने कहा कि जो काम कम करते हैं, वो प्रचार ज्यादा करते हैं। हम लोग शुरुआत से ही कोरोना से मृत्यु पर चार लाख मुआवजा परिजनों को दे रहे हैं। पर, जो राज्य 50 हजार दे रहा है, वह इसका प्रचार-प्रसार कर रहा है। अगर हम भी सभी राज्यों में प्रचार करें कि बिहार में कोरोना से मृत्यु पर कब से चार लाख दे रहे हैं तो वहां पर क्या लोग सोचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के किसी मरीज की बिहार से बाहर इलाज के दौरान मौत हो जाती है तो उनके परिजन को भी चार लाख का मुआवजा मिलेगा। इसको लेकर मैंने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को निर्देश दिया है।

पटना समेत तीन जिलाधिकारी सम्मानित

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेहतर टीकाकरण के लिए पटना के जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह, मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक और दरभंगा के जिलाधिकारी एसएम त्याग राजन को सम्मानित किया। इन पदाधिकारियों को सर्टिफिकेट ऑफ एप्रीसिएशन प्रदान किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के कंट्री हेड हरि मेनन और बिहार के मुख्य सचिव त्रिपुरारि शरण के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीकी सहयोग के लिए एकरारनामे पर हस्ताक्षर किया। 

मुख्यमंत्री ने की इन योजनाओं की शुरुआत-उद्घाटन

32 अस्पतालों में दीदी की रसोई 
पीएमसीएच-एनएमसीएच में ऑक्सीजन टैंक का उद्घाटन 
19 हजार एएनएम को दिया गया मेडिकल किट 
80 हजार आशा कार्यकर्ता को मिला मेडिकल किट 
आयुष टेली कन्सल्टेशन ऐप लॉन्च  
स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिया गया 
31 अगस्त तक 122 ऑक्सीजन प्लांट तैयार होगा 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.