डेढ़ माह से जलजमाव की पीड़ा झेल रहे शहरवासी इससे मुक्ति की गुहार लगा रहे है। नगर आयुक्त से लेकर जिलाधिकारी तक से अनुनय-विनय कर रहे हैं। पार्षद से लेकर विधायक तक के घर का दरवाजा खटखटा रहे हंै। इसके बाद भी उनके सभी प्रयास विफल ही साबित हो रहे हैं। किसी के पास शहरवासियों को इस पीड़ा से निजात दिलाने का उपाय नहीं है। ऐसे में जलजमाव की पीड़ा झेल रहे शहरवासी कहां जाएं और अब किसको अपनी पीड़ा सुनाएं ये वह समझ नहीं पा रहे हंै।
जलजमाव के बीच नारकीय जीवन झेल रहे मोहल्लावासी
अमरूद बगान, रज्जू साह लेन, केदारनाथ रोड, कालीबाड़ी रोड, रामबाग रोड, दास कालोनी, विश्वविद्यालय प्रेस गली, सोडा गोदाम रोड, डा. रामचंद्र पूर्वे गली, माड़ीपुर राम राजी रोड, स्कूल रोड, बेला रोड समेत शहर के दो दर्जन ऐसे मोहल्ले व गलियां हैैं जहां डेढ़ माह से बारिश का पानी लगा है। निगम के लाख प्रयास के बाद भी जमा पानी निकल नहीं पाया है। ऐसा नहीं कि इन मोहल्लों में नाला नहीं है। नाला होने के बाद भी यहां से पानी नहीं निकल रहा है। विश्वविद्यालय प्रेस गली निवासी अरविंद कुमार ने कहा कि मोहल्लावासी किस हालात में रह रहे हैं जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आकर देख लें। एक दिन भी वे इस हालात में रहकर दिखा दें तो हम किसी तरह समय बिता लेंगे। उनको जनता की पीड़ा से क्या लेना-देना? जनप्रतिनिधि को वोट चाहिए और अधिकारी को सरकारी वेतन मिलता रहना चाहिए। रज्जू साल लेन निवासी नरेंद्र शर्मा ने कहा कि जलजमाव से ऐसी परेशानी कभी नहीं हुई थी। जमा पानी निकालने के लिए निगम कोई प्रयास नहीं कर रहा है। वार्ड पार्षद जमा पानी निकालने के लिए अधिकारियों को कहते-कहते थक चुके है। अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। केदारनाथ रोड निवासी भोलु कुमार ने कहा कि निगम को सिर्फ टैक्स चाहिए। जनता नारकीय जीवन जी रही है इससे उसे कोई लेना-देना नहीं है। निगम की नाकामी से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। जल्द ही जनता निगम का घेराव करेगी।
बाजार में जलजमाव, व्यवसाय चौपट
हल्की बारिश होने पर भी बाजार में पानी जमा हो जाता है। यह कई दिनों तक नहीं निकलता। इससे व्यवसायियों को आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है। पहले से ही कोरोना से लाकडाउन की मार झेल रहे दुकानदारों को अब जलजमाव की पीड़ा झेलनी पड़ रही है। आमगोला व्यवसायी संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता राकेश पटेल ने कहा कि जलजमाव से दुकानदारों का व्यवसाय चौपट हो रहा है। यदि जल्द इस समस्या से निजात नहीं मिली तो आमगोला के व्यवसायी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।






Comment here