बिहार की कानून व्यवस्था और अपनी सुरक्षा को लेकर चिराग पासवान एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को राज्यपाल फागू चौहान से मिले। इसके बाद नीतीश सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। कहा कि लगातार बिहार की कानून व्यवस्था धाराशायी हो रही है। दिनदहाड़े हत्या हो रही है। चुन-चुनकर दलित और अनुसूचित जाति के नेताओं को मारा जा रहा है। हत्या के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
चिराग ने सीधे CM नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा- ‘इनके शासनकाल में दलितों और अनुसूचित जाति के नेताओं को टारगेट इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि वो शुरू से दलितों से नफरत करते रहे हैं। जब मेरे पिता की तबीयत खराब थी उस समय देश के PM, राष्ट्रपति, विपक्ष के सभी नेताओं ने फोन कर उनका हाल-चाल लिया, लेकिन नीतीश कुमार से जब पत्रकारों ने पूछा कि रामविलास जी की तबीयत खराब है तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता था। इस लेवल पर दलितों से नफरत करते हैं नीतीश कुमार’।
वहीं, जब चिराग से पूछा गया कि लालू यादव ने उन्हें नेता बताया है तो उन्होंने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लालू यादव अभिभावक हैं। उनका आशीर्वाद मिला है। लालू जी का और मेरे पिताजी का मधुर संबंध रहा है। दोनों ने बहुत दिनों तक साथ काम किया। जब पूछा गया कि क्या तेजस्वी के साथ जाएंगे तो चिराग ने कहा कि अभी यह वक्त कहीं जाने का नहीं है। मैं अभी आशीर्वाद यात्रा पर हूं। मुझे पूरा जन समर्थन मिल रहा है। लोग मुझे भरपूर प्यार दे रहे हैं। मैंने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है।
चिराग पासवान इन दिनों पूरे बिहार में दौरा कर रहे हैं। लगातार उन जनप्रतिनिधियों के परिवार से मिल रहे हैं, जिनकी हाल के दिनों में हत्या हुई थी। पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दे रहे हैं। मुख्य प्रवक्ता अशरफ अंसारी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था धाराशाई हो गई है। दिनदहाड़े जनप्रतिनिधियों की हत्या हो रही है। खास कर दलित समुदाय के नेताओं को टारगेट किया जा रहा है, उसमें भी LJP के कार्यकर्ताओं को चुन चुनकर मारा जा रहा है। बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।




Leave a Reply