राज्य सरकार पटना में बच्चों की सभी बीमारियों के इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाएगी। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुरुवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा और यहां बच्चों से जुड़ी हर बीमारी का बेहतर इलाज होगा।

मंत्री सदन में प्रथम अनुपूरक बजट के दौरान स्वास्थ्य विभाग के बजट पर बोल रहे थे। पटना में फिलहाल तीन स्पेशियलिटी अस्पताल हैं। इसमें मधुमेह के मरीजों के लिए लिए -आयकर गोलंबर स्थित न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल, हड्डी के लिए राजवंशीनगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल और आंख के लिए राजेंद्रनगर अस्पताल। लेकिन बच्चों के लिए एक भी सुपर स्पेशियलिटी अभी नहीं है। प्राइवेट में महावीर मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित महावीर वात्सल्य अस्पताल है, जहां कम खर्च पर बच्चों का इलाज होता है।

आईजीआईएमएस में होगी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा
आईजीआईएमएस में रोबोटिक सर्जरी की भी जल्द व्यवस्था होगी। इसकी सुविधा नए ओटी भवन में होगी। इसके लिए अलग से तीन मंजिला ओटी भवन का निर्माण किया जाएगा। नए भवन में छह ऑपरेशन थिएटर बनाया जाएगा। इस ओटी भवन के लिए राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने अपने फंड से दो करोड़ रुपए दिए हैं। बाकी खर्च संस्थान की ओर से किया जाएगा।

संस्थान में अभी 20 ओटी हैं। छह नए ओटी के निर्माण से 26 हो जाएंगे। नए ओटी भवन में मॉड्यूलर और सेमी मॉड्यूलर ओटी का निर्माण किया जाएगा। नए ओटी भवन और छह ओटी के निर्माण पर करीब पांच करोड़ रुपए खर्च होने के अनुमान है। इसकी पुष्टि मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मनीष मंडल ने की।
उन्होंने बताया कि इस ओटी भवन में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा बहाल करने की योजना है। नया ओटी भवन पुराने ओटी भवन के पैरलल होगा। नए से पुराने ओटी भवन में आने-जाने की भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा छह प्री आपरेशन बेड और छह पोस्ट ऑपरेशन बेड होंगे। निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा हो जाएगा।



Leave a Reply