सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया, कहा सेवा भाव कम न होने दें
- अस्पताल को अत्याधुनिक बनाना है प्राथमिकता
- जिम्मेदारी और ईमानदारी से करें मरीजों की सेवा
-अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की - सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनाने का काम तेज गति से जारी है
शिवहर, 28 जुलाई।
सिविल सर्जन डा. राजदेव प्रसाद सिंह ने बुधवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। सिविल सर्जन ने सबसे पहले सदर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक और कर्मियों की उपस्थिति देखी। इसके बाद उन्होंने पूछताछ केंद्र, दवा काउंटर, इमरजेंसी रूम, इमरजेंसी वार्ड, प्रसव कक्ष, ओपीडी, एनआरसी, विभिन्न जांच केंद्र, ऑपरेशन रूम एवं सामान्य वार्डों का बारी-बारी से निरीक्षण किया । इस दौरान सिविल सर्जन ने साफ सफाई का भी अवलोकन किया। उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि मेडिकल कचरा (वेस्टेज) को सही तरीके से निष्पादन (डिस्पोजल) करें।
ईमानदारी के साथ करें मरीजों की सेवा
सिविल सर्जन ने कहा कि सभी चिकित्सक और कर्मी ससमय अस्पताल पहुंचे और अपना कार्य पूरी ईमानदारी के साथ करें। अगर कोई कर्मी समय पर डयूटी पर नहीं आते हैं और काम में लापरवाही बरतते हैं वैसे कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपलब्ध संसाधन के आधार पर अस्पताल बेहतर तरीके से मरीजों की सेवा कर रहा है, इसे और अच्छा करने की जरूरत है। जो सबों की सहभागिता से ही संभव है। सरकार की ओर से अधिकांश संसाधन उपलब्ध कराया गया है। जरूरत है हम लोगों को इसके बेहतर संचालन करने की।
बातें कर मरीजों का हाल-चाल जाना
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन जनरल वार्ड में पहुंचे और मरीजों से हाल-चाल भी जाना। मरीजों से बातें की। सिविल सर्जन ने अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ने मरीजों से बेड पर बिछाने के लिए चादर, खाना आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य प्रबंधक को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को हर-हाल में समय पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएं।

अस्पताल को अत्याधुनिक बनाना है प्राथमिकता
सीएस ने कहा कि सदर अस्पताल को अत्याधुनिक बनाना उनकी प्राथमिकता है। सदर अस्पताल में लिफ्ट बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जायेगा। इससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनाने का काम तेज गति से जारी है।



Leave a Reply