ब्रेकिंग; बाढ़ राहत राशि सहित सात सूत्री मांगों को ले गायघाट में धरना
Repoted by Deepak
गायघाट। अब तक बाढ़ राहत राशि नहीं मिलने सहित सात सूत्री मांगों को लेकर आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने बुधवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया एवं सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। जिला पार्षद प्रत्याशी बिरेन्द्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष सात सूत्री मांगों के समर्थन में धरना पर बैठे।प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एक महीने हो गए, लंबा समय बीत चुका है। इसके बाद भी सरकार द्वारा घोषित प्रत्येक परिवार को छह-छह हजार रुपये अभी तक नहीं मिले हैं।धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार अगर बाढ़ प्रभावित लोगों को 10 दिन के अंदर बाढ़ सहायता राशि नहीं उपलब्ध कराती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा एवं जिला मुख्यालय से लेकर विधानसभा तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

सरकार के द्वारा घोषित प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवारों को छह-छह हजार रुपए जब तक उपलब्ध नहीं कराए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। धरना के समापन के बाद संबोधित मांगों का ज्ञापन बीडीओ डॉ. विमल कुमार एवं सीओ राघवेन्द्र राघवन को सौंपा।ज्ञापन में सरकार के द्वारा घोषित बाढ़ राहत राशि का अविलंब भुगतान करने, बाढ़ में क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे करा कर मुआवजा देने, किसानों का कृषि लोन पृरा का पूरा माफ़ करने, किसानों को समय-समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, बाढ़ में काम किए नाविक का अविलंब भुगतान करने आदि मांग शामिल हैं।


बीडीओ एवं सीओ राघवेन्द्र राघवन ने धरना प्रदर्शन में उपस्थित लोगों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में बाढ़ राहत राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। तब जाकर आक्रोशित बाढ़ प्रभावित लोग शांत हुए एवं धरना प्रदर्शन को समाप्त किया । धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला कमेटी सदस्य अबदुल गफ्फार, मनु राम, वार्ड सदस्य चुतरी शर्मा, सुन्देश्वर सहनी, कैलाश सिंह,मदन झा,विजय शंकर सिंह आदि के साथ सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं पुरुष शामिल थे।



Leave a Reply