सावन में बाबा गरीबनाथ के लाइव दर्शन होंगे। कोरोना काल की वजह से मंदिर में पूजा करने की अनुमति नहीं है, इसलिए फेसबुक लाइव के जरिए बाबा के श्रद्धालु दर्शन कर पाएंगे। मंदिर के पुजारी पंडिय विनायक पाठक के फेसबुक अकाउंट से ये लाइव किया जाएगा, जिसमें लोग भोलेनाथ के महाश्रृंगार के साथ मंगल आरती भी श्रद्धालु देख पाएंगे। बाबा गरीबनाथ के मंदिर में हर साल सावन में लगभग 12 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। लोग दूर-दूर से बाबा के दर्शन को पहुंचते हैं। पिछले 2 साल से कोरोना के कारण भोलेनाथ का पट बंद है, जिससे भक्तजन मायूस थे।

पिछले 10 साल से कांवर और जल चढ़ाने वाली पूनम देवी ने बताया कि पिछले दो साल से हमलोग बाबा के दर्शन नहीं कर पाए हैं। अब डिजिटल दर्शन से बाबा भोलेनाथ को देख पाएंगे। सावन में हमलोग कांवर लेकर जल चढ़ाने पहुंचते थे। कोरोना के कारण इस बार भी हमलोग मंदिर नहीं जा सके। वहीं, अशोक सिंह ने कहा कि मंदिर के पट बंद होने से श्रद्धालुओं में काफी मायूसी थी। बाबा का महाश्रृंगार और आरती देखने के लिए मंदिर में भीड़ उमड़ती थी। लगातार दूसरे साल भी हमलोग मंदिर नहीं जा पाए हैं। इससे बाबा के कम से कम दर्शन तो कर पाएंगे।




Comment here