मुजफ्फरपुर, जासं। कोरोना संक्रमण की आशंका को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में अनिवार्य रूप से प्रोटोकाल का पालन किया जाएगा। इस कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नहीं होगा। मुख्य समारोह तथा झंडोत्तोलन कार्यक्रम पूर्व वर्ष की तरह सुबह नौ बजे पंडित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होंगे। इसके अलावा आयुक्त कार्यालय, आइजी कार्यालय, समाहरणालय, एसएसपी कार्यालय समेत सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों में झंडोत्तोलन होगा।

डीएम प्रणव कुमार ने इसकी तैयारी को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिक भीड़ नहीं लगाने, शारीरिक दूरी का पालन एवं मास्क का प्रयोग अनिवार्य होगा। समारोह में भाग लेने वालों को ई-कार्ड से आमंत्रित किया जाएगा। परेड में भाग लेने वाले जवानों में भी शारीरिक दूरी बनी रहेगी। परेड में बीएमपी, डीएपी, होमगार्ड (पुरुष), फायर ब्रिगेड, सैप, होमगार्ड बैंड, सीआरपीएफ, एसएसबी की प्लाटून भाग लेंगी। आठ से 12 अगस्त तक परेड का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को होगा। डीएम ने साफ-सफाई, यातायात, मंच, विधि-व्यवस्था, चिकित्सा सेवा आदि के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी डॉ. सुनील कुमार झा, अपर समाहर्ता राजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन डॉ. अजय कुमार, एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार, डीपीआरओ कमल ङ्क्षसह, एनडीसी कुमार अभिषेक, सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी आदि मौजूद थे।





Leave a Reply