जाप सुप्रीमो पप्पू यादव को अभी-अभी जमानत मिल गई है. लेकिन अभी उन्हें जेल से छुटकारा नहीं मिलेगा. उन्हें अभी भी जेल में ही रहना होगा. हालांकि, वे अभी स्वास्थ्य खराब रहने के कारण न्यायिक हिरासत में ही इलाज करा रहे हैं. उनका इलाज दरभंगा के डीएमसीएच में चल रहा है. दरअसल, पप्पू यादव जिस मामले में जेल में बंद हैं, उस मामले में उन्हें भी जमानत नहीं मिली है. जमानत उन्हें दूसरे मामले में मिली है.
मिल रही जानकारी के अनुसार, जाप सुप्रीमो पप्पू यादव को आज मंगलवार को पटना कोर्ट से जमानत मिली है. यह मामला सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और बिना परमिशन के ही प्रदर्शन करने का है. इस मामले की सुनवाई आज पटना के सब जज-14 अमलेश कुमार सिंह की अदालत में की गई. इसमें उन्हें हिदायत के साथ जमानत दी गई है.
कोर्ट ने साफ कहा कि वे आगे से सरकारी नियमों की अवहेलना नहीं करें. ऐसा कोई काम नहीं करें. सरकारी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें. पप्पू यादव की ओर से पक्ष रख रहे उनके वकील पांडे संजय सहाय के अनुसार, प्रशासन ने पप्पू यादव पर बिना अनुमति के प्रदर्शन करने और सरकारी काम में बाधा डालने की प्राथमिकी गर्दनीबाग थाने में दर्ज कराई थी. इस मामले में पप्पू यादव ने पटना कोर्ट से बेल देने की गुहार लगाई थी. इसी मामले में उन्हें जमानत दी गई है.
गौरतलब है कि पप्पू यादव को पटना पुलिस ने पिछले 11 मई को मधेपुरा के अपहरण के पुराने मामले में गिरफ्तार किया था. उनकी गिरफ्तारी पटना में ही हुई थी. बाद में मधेपुरा पुलिस यहां से अपनी कस्टडी में ली. इसी बीच, उनकी तबीयत खराब हो गई, जिससे उन्हें डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. अभी भी उनका इलाज चल रहा है.

Input: Live Cities



Leave a Reply