नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनने से पहले बाढ़ से सांसद रहे थे। वह भी एक-दो बार नहीं, 5 बार। जब भी बाढ़ क्षेत्र से कोई योजना या कार्यक्रम होता है, उसमें CM नीतीश कुमार बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। भले ही वो छोटा कार्यक्रम ही क्यों ना हो। शनिवार को CM ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ में नवनिर्मित सामुदायिक भवन के शिलापट्ट का अनावरण किया।
इस दौरान पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ से हमारा विशेष लगाव है। क्षेत्र के लोगों से हमेशा हम सम्पर्क में रहते हैं। एक-एक दिन में 12 किलोमीटर पैदल चलते थे, एक दिन तो हम 16 किलोमीटर तक पैदल चले थे। उन्होंने कहा कि हम बाढ़ से 5 बार सांसद रहे हैं।


बाढ़ क्षेत्र की जनता को संबोधित करते सीएम नीतीश कुमार।
CM ने और क्या कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन के कारण बाढ़ संसदीय क्षेत्र समाप्त होने से मुझे काफी दुख हुआ था। यहां की जनता ने हमें विशेष प्यार और स्नेह दिया है। यहां से पहली बार सांसद रहते हुए हम केंद्र में राज्य मंत्री बने। बाद में दिवंगत अटल जी की सरकार में केंद्रीय मंत्री बने। केंद्र में मंत्री रहते हुए भी हम इस क्षेत्र में घूमते रहते थे।
उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में पुल-पुलियों और सड़कों का निर्माण कराया गया है। बाढ़ में भी कई सड़कों और पुलों का निर्माण किया गया है। अब लोगों को पैदल चलना नहीं पड़ता है।
सामुदायिक भवन से लोगों को होगी सहूलियत
CM नीतीश कुमार ने कहा कि हरनौत से विधायक रहते हुए हमने टाल क्षेत्र के विकास का प्रयास किया था। केंद्र में मंत्री रहते हुए टाल क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की शुरुआत कराई थी। बाद में हम लोगों ने टाल क्षेत्र के विकास को लेकर कई योजनाएं बनाई, जिस पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमने डाकबंगला परिसर का निरीक्षण किया था और उसी समय निर्णय किया था कि मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत यहां सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए। आज इस नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन हुआ है। सामुदायिक भवन के निर्माण होने से यहां के लोगों को काफी सहूलियत होगी।

बड़ी आबादी होने के बावजूद कोरोना को नियंत्रित किया
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पुल, सड़क एवं भवनों का सिर्फ निर्माण ही नहीं करवाया जा रहा है। बल्कि उसके मेंटेनेंस की भी व्यवस्था की गई है। हम लोगों को जब से यहां काम करने का मौका मिला है, लोगों की सेवा कर रहे हैं। लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म है। उन्होंने कहा कि हम देश में आबादी में तीसरे नंबर पर हैं, जबकि क्षेत्रफल में 12 वें स्थान पर हैं। बड़ी आबादी होने के बावजूद कोरोना को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाये गये हैं।
विकास कार्यों का लेंगे जायजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ में विकास के कई कार्य किए गए हैं। कोरोना खत्म होने पर हम फिर से क्षेत्र में आएंगे और जो भी कार्य किए गए हैं, उनको देखेंगे। हम लोगों ने बाढ़ में शुरू से कई कार्य किए हैं। पहले क्या स्थिति थी और अब क्या स्थिति है इसकी जानकारी नई पीढ़ी को देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के लोगों को हम जीवन भर नहीं भूलेंगे। मेरी प्रतिबद्धता आप सबके प्रति हमेशा रहेगी। सभी लोग आपस में प्रेम और भाईचारे का भाव बनाए रखें।



Leave a Reply