BIHARBreaking NewsGAYAPATNASTATE

CM नीतीश- ‘गया, राजगीर व नवादा को सालभर मिलेगा गंगा जल’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि गया, बोधगया, राजगीर और नवादा शहर को सालोंभर गंगा जल मिलेगा। जल-जीवन-हरियाली अ’भियान के तहत गंगा नदी के पानी को शुद्ध कर इन शहरों के घर-घर में पहुंचाया जाएगा। मोकामा के पास से गंगा जल को राजगीर होते हुए गया लाया जाएगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दौरान गया के गांधी मैदान में जागरूकता सम्मेलन में बोल रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान और निर्वाण की भूमि गया का ऐतिहासिक दृष्टिकोण से भी काफी महत्व है। वर्ष 2006 में ही हमने गया की स्थिति का आकलन किया था। उन्होंने कहा कि एक आदमी को प्रतिदिन औसतन 135 लीटर पानी की जरूरत पड़ती है, जिसको देखते हुए कार्ययोजना बनाकर काम आगे बढ़ रहा है।

बरसात के चार महीनों में गंगा का पानी निकालकर उसे स्टोर किया जाएगा। ताकि बारहों महीने गया और बोधगया के लोगों को पानी मिलता रहे। अब तक गर्मी के दिनों में गया के लोगों को टैंकर के माध्यम से पेयजल पहुंचाया जाता रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 258.72 करोड़ की लागत की 59 योजनाओं का उद्घाटन और 699.60 करोड़ की 193 योजनाओं का शिलान्यास किया।मुख्यमंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान गया में कैबिनेट की बैठक भी इसलिए की थी कि इस शहर को पेयजल के संकट से मुक्ति दिलायी जाये, जो वहां कि बड़ी समस्या रही है। इस योजना पर कई दिनों से काम हो रहा था। अंतत: उन्होंने गया में बुधवार को कैबिनेट की बैठक की और इस योजना को स्वीकृति दी। इसके लिए टेंडर भी निकल गया है।

जून 2021 तक गया, बोधगया और राजगीर में घरों में पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इस पर 2836 करोड़ खर्च होंगे।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गया के फल्गु नदी में हमेशा पानी रहे, इस दिशा में भी हमलोग काम कर रहे हैं। इसके लिए विष्णु पद मंदिर के पास फल्गु नदी में चेक डैम बनाकर स्नान एवं पूजा करने के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। फल्गु नदी में नाले का पानी डिस्चार्ज न हो इसके लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाकर नाले के ट्रीटेड पानी का सिंचाई में इस्तेमाल किया जाएगा। इस पर भी काम जारी है। उन्होंने कहा कि साल दर साल सुधार करके पितृपक्ष मेले को बेहतर स्थिति में पहुंचाया गया। दुनिया भर से प्रतिवर्ष करोड़ों लोग गया और बोधगया आते हैं। आप सबों को किसी बात के लिए चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। हमने अफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) को गया में कायम रखने के लिए रक्षा मंत्री को पत्र लिखा है। इस संबंध में मैं उनसे बात भी करूंगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.