BIHARBreaking NewsSTATE

RJD के पोस्टर पर सुशील मोदी का तंज, कहा- जंगलराज की याद भुलाने के लिए हटाई गई थी लालू-राबड़ी की तस्वीर

पांच जुलाई यानी आज आरजेडी अपना स्थापना दिवस मना रहा है, इसको लेकर पार्टी की ओर से तैयारी पूरी हो गयी है. पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा के सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आरजेडी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि आरजेडी अपने आजीवन अध्यक्ष लालू प्रसाद और बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की तस्वीरें पार्टी के बैनर-पोस्टर में वापस लाकर 25वां स्थापना दिवस मना रहा है

बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि “राजद ने बिहार में अपने 15 साल के भ्रष्टाचार, अपहरण-फिरौती-पलायन वाले भयानक दौर को जनमानस की स्मृतियों से मिटा देने की नीयत से 2020 के विधानसभा चुनाव के समय लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की तस्वीरें चुनावी पोस्टर-बैनर से हटा ली थीं. अतीत के गुनाह से पल्ला झाड़ने की यह कोशिश नाकाम रही. राजद की सीटें घट गईं, क्योंकि लोग अब भी वे दिन नहीं भूले हैं, जब शोरूम से गाड़ियां उठा ली जाती थीं और शाम ढलते दुकानें बंद हो जाया करती थीं.”

गौरतलब हो कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान जब तेजस्वी यादव राजद की बागडोर संभाल रहे थे, तब उनकी छवि को बेदाग दिखाने के लिए लालू यादव की तस्वीरों वाले सभी बैनर, पोस्टर और होर्डिंग हटवा दिए गए थे. उल्लेखनीय है कि उस समय लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला मामले में जेल में बंद थे. ऐसे में अब पार्टी के पोस्टरों में उनकी वापसी के खूब सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.