देखते-देखते कई घर सिकरहना नदी में समा गए। अपनी आंखों के सामने अपना आशियाना उजड़ते देख लोग छाती पीट रहे हैं। मोतिहारी के सुगौली प्रखंड के उतरी छपरा बहास के भवानीपुर में सिकरहना नदी में फिर से कटाव शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शनिवार को चार घर सिकरहना नदी में समा गए। बारिश के कारण कटाव जारी है। कई घरों का आधा हिस्सा नदी ने काट लिया है।
नदी के कटाव की चपेट आए कुछ लोगों का आशियाना कटने के कगार पर है। जहां नदी किनारे बसे कुछ लोग अपना घर छोड़ दूसरी जगह आशियाना की तलाश में जुट गए हैं तो कुछ लोग अपना घर-द्वार हटा रहे हैं। नदी के किनारे की बस्ती के करीब सिकरहना नदी की धार आ गई है, जिससे अन्य घरों पर कटाव का खतरा बढ़ गया है। इससे लोग दहशत के माहौल में हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नदी कब हमारे घरों को अपनी आगोश में ले लेगा, यह कहना मुश्किल है। जिस तरह से कटाव हो रहा है, ऐसे में सुरक्षित रहना मुश्किल हो गया है। इस डर से स्थानीय कुछ घर-परिवार की महिलाएं व बच्चे अपने घर के बचे भाग व सामान को हटाने में जुटे हैं।
बताते चलें कि पिछले वर्ष भी हुए कटाव के कारण इन गांवों में भारी तबाही मची थी। इस कारण अनहोनी से लोग डरे सहमे हैं। हर वर्ष भवानीपुर में सिकरहना नदी कुछ घरों को अपनी आगोश में ले लेती है। बावजूद इस दिशा में कोई ठोस प्रशासनिक पहल नहीं की गई।




Leave a Reply