बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम रेणु देवी पर आरोप लगाया है. आरोपों के मुताबिक रेणु देवी के भाई पटना में जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने कहा कि इस पर पार्टी को बयान देना चाहिए.
दरअसल ये पूरा विवाद जमीन को लेकर है. पटना के पटेलनगर इलाके में आठ-साढ़े आठ कट्ठे का एक प्लॉट है. बताया जा रहा है कि जमीन की कीमत करोड़ों में है. जिसे कब्जा करने डिप्युटी सीएम रेणु देवी के भाई रवि प्रसाद गए थे. तेजस्वी ने अपने ट्वीट में कहा कि ‘जंगलराज के रखवाले दिल्ली वाले बिहार के कथित मुंहबोले चुनावी बेटा को भाजपाईयों की गुंडागर्दी पर बोलना चाहिए. डिप्टी सीएम का भाई हथियारों से लैस होकर दिनदहाड़े पटना की कीमती जमीनों को कब्जा रहा है जब जमीन मालिक विरोध करते हैं तो कहता है इन्हें उठा कर डिप्टी सीएम आवास ले चलो.’
उधर डिप्टी सीएम रेणु देवी ने कहा है कि उनका अपने भाई से पिछले कई सालों से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि कई साल पहले उन्होंने अपने भाई से संबंध तोड़ लिया था. अपने भाई से उनकी बातचीत भी नहीं होती.
रवि प्रसाद उर्फ पिन्नू बिहार की डिप्टी सीएम रेणु देवी के भाई हैं. दो साल पहले बेतिया में उनकी दबंगई औऱ गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया था. पिन्नू ने बीच बाजार में एक दवा दुकानदार की बर्बर तरीके से पिटाई कर दी थी. दवा दुकानदार का कसूर सिर्फ इतना था कि वह पिन्नू के दुकान में आने के बाद उठ कर खड़ा नहीं हुआ था. दुकान में पिटाई के बाद दुकानदार को खींच कर दूसरी जगह ले जाया गया था औऱ वहां भी उसकी पिटाई की गयी थी. बेतिया के स्थानीय लोगों के मुताबिक पूरे शहर में पिन्नू का आतंक कायम है.

Input: LiveCities



Comment here