BIHARBreaking NewsSTATE

गंडक में पलटी नाव, 2 लापता / बगहा में गंडक नदी में पोल से टकराई नाव; डूब रहे 9 में से 7 को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया, 2 की तलाश जारी

पश्चिम चंपारण के बगहा में बुधवार को गंडक नदी में यात्रियों से भरी नाव पलट गई। नाव पर कुल 9 लोग सवार थे। सभी लोग बगहा के कैलाश नगर घाट से दियारा जा रहे थे। अचानक नाव नदी में पोल से टकरा कर पलट गई। नाव के पलटने से 9 लोग डूब गए, जिसमें 7 लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया है। 2 लोग अभी भी लापता हैं, जिन्हें स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजा जा रहा है।

मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है। SDRF की टीम को बुलाया गया है, लेकिन अभी तक टीम पहुंच नहीं पाई है। सभी लोग खेती-बाड़ी के लिए नाव से दियारा क्षेत्र जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया। लगातार बारिश से गंडक उफान पर है।

गुलाबी देवी।

गुलाबी देवी।

सुरक्षित बचाई गई यात्री गुलाबी देवी ने बताया कि हम लोग दियारा जा रहे थे। नाव अचानक ही पोल से टकरा गई, जिसमें हम सब नाव के साथ पलट गए। स्थानीय लोगों ने हम लोगों को सुरक्षित बचाया है।

नदी में पोल से टकरा गई नाव

स्थानीय संतोष सहनी ने बताया कि बुधवार सुबह सभी लोग नाव पर सवार होकर खेती करने निकले थे। गंडक में उफान में नाव तेजी से जा रही थी कि अचानक नदी में लगे पोल से टकरा गई, जिससे यात्रियों भरी नाव तत्काल पलट गई। जैसे ही लोगों ने देखा तो घटनास्थल पर दौड़े और स्थानीय गोताखोरों को मदद के लिए बुलाया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद 7 लोगों को रेस्क्यू किया गया, लेकिन 2 लोग अभी तक नहीं मिल पाए हैं।

7 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

नाव पलटने की सूचना के बाद स्थानीय नाविकों की टीम ने रेस्क्यू चलाकर सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। अभी भी दो लोग नदी में लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग बगहा से खेती करने के लिए गंडक पार कर खेती-बाड़ी करने के लिए दियारा क्षेत्र जाते हैं। यह पहली दफा नहीं है, इसके पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

रोक के बावजूद चलाए जा रहे हैं छोटे नाव

गंडक नदी में छोटे नाव का परिचालन पर रोक है, बावजूद इसके लोग मान नहीं रहे हैं। प्रशासन की लापरवाही के कारण नाव का परिचालन जारी है। ज्यादातर घटनाएं छोटे नाव पर सवार होने के कारण होती है।

खबर अपडेट हो रही है….

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.