पटना. बिहार में कोरोना वैक्सीनेशन (Corona Vaccination )के लिए महा अभियान की शुरुआत की जा चुकी है. सभी लोगो से जल्द टीका लेने की अपील की जा रही है. वहीं, इस पर सियासत भी शुरू हो चुकी है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) द्वारा अबतक टीका नहीं लिए जाने पर बीजेपी ने तंज कसते हुए सवाल खड़ा किया है. बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राम सागर सिंह (Ram Sagar Singh) ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी कही उस अफवाह का शिकार तो नहीं जिसमें कहा जा रहा है कि टीका लेने से यौन क्षमता में कमी आती है. दुनिया भर के वैज्ञानिकों और डॉक्टरों ने साबित किया है कि टीका लेने से यौन क्षमता में कोई कमी नही आती है. ऐसे में तेजस्वी को जल्दी ही खुद टीका लेना चाहिए और सभी कार्यकर्ताओं को भी टीका लेने के लिये प्रेरित करना चाहिए. कोरोना की तीसरी लहर को रोकने का बस एकमात्र उपाय है कि सभी को वैक्सीन लगे. नेताओं को वैक्सीनेशन को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए. सभी को बढ़कर टीका लगाने के लिए आगे आना चाहिये.
तेजस्वी के अबतक टीका नही लिये जाने पर बीजेपी द्वारा उठाये सवाल पर आरजेडी ने भड़कते हुए पलटवार किया है. आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि बीजेपी ऐसे घटिया बातों से मुद्दे को भटकाना चाहती है. बीजेपी को पहले यह बताना चाहिए कि अबतक कितने लोगों को वैक्सीन लगायी गयी है. सरकार दावा करती है कि 6 महीने में 6 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगायी जाएगी पर वैक्सीन उपलब्ध ही नहीं है.
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जिस रफ्तार से वैक्सिनेशन का कार्य हो रहा है ऐसे अगले एक साल भी वैक्सीनेशन बिहार का पूरा नहीं होगा. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पहले ही कहा है कि आम लोगों को वैक्सीन लगवानी पहले ज्यादा जरूरी है. जब आम लोगो को वैक्सीन लग जायेगी फिर वो लगाएंगे. बता दें कि वैक्सीनेशन को लेकर यह अफवाह फैलाई जा रही है कि इससे यौन क्षमता पर असर पड़ता है. ऐसे में भाजपा ने तेजस्वी के वैक्सीन नहीं लगवाने को सियासी हथियार भी बना लिया है.




Leave a Reply