नगर थाना के सरैयागंज छाता बाजार के निकट आभूषण दुकान से लूट की साजिश चाय दुकानदार छोटू उर्फ नेहाल, कोल्हुआ पैगंबरपुर के आभूषण व्यवसायी के पुत्र सिद्धार्थ कुमार उर्फ राजू व दादर पुलिस लाइन निवासी निगमकर्मी के पुत्र अंकुश कुमार उर्फ चंदन ने रची थी। ब्रह्मपुरा जागरण चौक के शेखर कुमार ने 25 हजार रुपये में एक देसी पिस्तौल, दो कट्टा व कारतूस उपलब्ध कराया था। शेखर हथियार तस्कर है। वह बड़े हथियार तस्कर गिरोह से जुड़ा है। कुढऩी थाना में उसके विरुद्ध आम्र्स एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। उसने अपने आका से लेकर तीनों लुटेरों को आम्र्स दिया था। पुलिस की विशेष टीम ने शेखर को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। एसएसपी जयंतकांत ने रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। मौके पर सिटी एसपी राजेश कुमार व नगर डीएसपी रामनरेश पासवान भी उपस्थित थे। एसएसपी ने बताया कि लूटे गए चांदी के सारे आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। 24 घंटे के अंदर मामले का पूरी तरह उद्भेदन कर लिया गया है। जल्द ही सभी के विरुद्ध कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कोर्ट से सजा दिलाई जाएगी ।
अंकुश के घर से लूटा गया आभूषण बरामद : इससे पहले पुलिस की टीम ने मौके पर पब्लिक के हत्थे चढ़े चाय दुकानदार अहियापुर के कोल्हुआ पैगंबरपुर निवासी छोटू उर्फ नेहाल की निशानदेही पर बैरिया के आभूषण दुकानदार के पुत्र कोल्हुआ पैगंबरपुर निवासी सिद्धार्थ कुमार उर्फ राजू और दादर पुलिस लाइन के निगमकर्मी अंकुश कुमार उर्फ कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया था। अंकुश की निशानदेही पर उसके घर से करीब चार किलो चांदी के आभूषण को बरामद किया। ये आभूषण लूटी गई थी। इसके अलावा अन्य आरोपितों के घर से तीन देसी पिस्तौल व कट्टा, चार कारतूस, दो बाइक, एक स्कूटी, चार मोबाइल व स्मैक पुलिस ने बरामद किया है।
दुकान के स्टाफ के बयान पर केस हुआ दर्ज :
लूट के मामले को लेकर आभूषण व्यवसायी के स्टाफ मनोज कुमार के बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपित छोटू कुमार नेहाल को नगर थाने की पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अन्य तीन आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अन्य स्थानों पर छापामारी की जा रही है। छापामारी दल में डीएसपी नगर रामनरेश पासवान, प्रशिक्षु डीएसपी सियाराम यादव, नगर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, अहियापुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार रजक, पुअनि ओमप्रकाश, जितेंद्र पासवान, नागेश्वर मंडल,शैलेंद्र कुमार व एसआइटी शामिल थे।




Leave a Reply