BIHARBreaking NewsSTATE

JDU की निगाहें एक बार फिर से महिला वोटर्स पर, आधी आबादी को बनाएगा बिजनेस वुमन

पटना. बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी यानी JDU की नजर आधी आबादी पर है और इस महत्वपूर्ण वोट बैंक को अपने पाले में करने के लिए पार्टी लगातार इस मुहिम में लगी हुई है. बात चाहे पंचायत में महिलाओं को आरक्षण देने की हो, सिपाही भर्ती में भागीदारी की या फिर मेडिकल और इंजीनियरिंग में 33 प्रतिशत की भागीदारी की हर जगह जेडीयू ने ये फार्मूला अपनाया है. JDU ने पिछले दिनों ही संगठन में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत जगह देकर साफ कर दिया है कि उसकी नजर महिला वोटरों पर लगी हुई है.

JDU ने इस ओर एक कदम बढ़ाया है. बिहार में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के बहाने महिला उद्यमी सम्मेलन का आयोजन पार्टी करने जा रही है. इस आयोजन में सोशल मीडिया के जरिए बिहार की महिलाओं को जोड़ने की तैयारी है. कार्यक्रम में JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह सम्बोधित करेंगे और बताएंगे कि बिहार में महिलाओं के विकास के लिए नीतीश सरकार क्या-क्या कर रही है. इसका आयोजन रविवार को JDU कार्यालय से किया जा रहा है. JDU की प्रदेश सचिव और उद्यमी रुचि अरोड़ा ने बताया की बिहार में महिला उधमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के समग्र विकास के लिए नीतीश कुमार लगातार प्रयासरत है.

नीतीश कुमार के किए गए कार्यों को जन जन तक पहुंचाने के लिए महिला उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया गया है. इस सम्मेलन से उम्मीद है कि आने वाले समय में महिला उद्यमियों के लिए मिल का पत्थर साबित होगा. JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा कहते हैं कि हम राजनीतिक फायदा के लिए महिला उद्यमी सम्मेलन का आयोजन नहीं कर रहे हैं बल्कि हमारा लक्ष्य बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर कैसे बनाया जाये इसे देखना है.  कुशवाहा कहते हैं कि जब तक महिलाएं आत्मनिर्भर नहीं बनेंगी, तब तक बिहार का समग्र विकास नहीं हो पाएगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.