BIHARBreaking NewsSTATE

बड़ी खबर : बिहार STET-2019 के लिए बड़ी खुशखबरी, मंगलवार तक आएगा रिजल्ट

बिहार STET-2019 के लिए बड़ी खुशखबरी. मंगलवार यानी 22 जून तक रिजल्ट आने वाला है. दरअसल, STET-2019 की परीक्षा में कुछ विषयों के रिजल्ट पेंडिंग रह गए थे. तकनीकी कारणों से उसकी डेट लगातार आगे बढ़ रही थी. लेकिन अब शिक्षा विभाग ने रिजल्ट देने की बात कही है. इस बाबत शिक्षा विभाग के मुख्य अपर सचिव संजय कुमार ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी.

शिक्षा विभाग के मुख्य अपर सचिव संजय कुमार के अनुसार, बिहार बोर्ड के साथ इसे लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई है. इसमें STET-2019 के बाकी विषयों के रिजल्ट पर चर्चा हुई. इसमें आ रही तमाम तरह की तकनीकी बाधाएं दूर कर ली गई हैं. उर्दू, संस्कृत और साइंस विषय के रिजल्ट पेंडिंग थे. इन विषयों का रिजल्ट अब अगले सप्ताह 22 जून का पब्लिश किया जा सकता है.

गौरतलब है कि 15 विषयों के लिए बिहार STET ने 2019 में परीक्षा ली थी. इसके तहत पेपर वन में 109667 और पेपर टू में 45284 परीक्षार्थियों ने शिरकत की थी. 12 मार्च 2021 को इसका रिजल्ट आया था, लेकिन रिजल्ट तकनीकी कारणों से 12 विषयों का ही पब्लिश किया गया. पेपर वन में 16068, जबकि पेपर टू में 8531 परीक्षार्थियों ने बाजी मारी थी.

इन विषयों के रिजल्ट आने के बाद माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक नियोजन की प्रक्रिया में अब साइंस, उर्दू और संस्कृत विषयों के अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं. ये अभ्यर्थी सातवें चरण के शिक्षक नियोजन में आवेदन कर सकेंगे. बता दें कि इन तीनों विषयों की परीक्षा हंगामा के चलते रद्द कर दी गई थी. मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था. बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर बिहार बोर्ड ने सितंबर 2020 में परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन कराया गया था. रिजल्ट आने को लेकर अभ्यर्थी उत्साहित हैं.

Input : Live Cities

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.