जून महीने में मानसून की शुरुआत के साथ बिहार के कई जिलों में भी बाढ़ का संकट देखने को मिल रहा है। नेपाल के तराई वाले इलाके समेत उत्तर बिहार में हो रही लगातार बारिश की वजह से कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। नदियों के उफान की वजह से कई जिलों में बाढ़ का पानी ग्रामीण इलाकों में प्रवेश कर चुका है।
चंपारण, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को गंडक डुमरिया घाट में लाल निशान से 128 सेमी ऊपर बह रही है। यह स्थिति तब है जब इसके डिस्चार्ज में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कोसी नदी बिहार में अपनी सीमा में है लेकिन वीरपुर में लाल निशान से ऊपर बह रही है।
गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। लेकिन यह नदी लाल निशान से इतनी ज्यादा नीचे है कि अभी कोई परेशानी नहीं है। बक्सर में यह नदी शुक्रवार को 98 सेमी ऊपर चढ़ी इसके बावजूद वहां नौ मीटर लाल निशान से नीचे है। पटना के दीघा में 63 सेमी ऊपर चढ़कर भी गंगा लगभग साढ़े चार मीटर नीचे बह रही है। गांधी घाट में भी 54 सेमी ऊपर चढ़ी गंगा शुक्रवार को तीन मीटर नीचे बह रही है।





Leave a Reply