BIHARBreaking NewsSTATE

उत्तर बिहार में बारिश से नदियों में उफान, कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

उत्तर बिहार में मंगलवार को जमकर बारिश हुई। इससे नदियों में उफान आ गया। पश्चिम चंपारण में दर्जनभर गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे तबाही मच गई है। बगहा शहर के कैलाशनगर के दो दर्जन घरों में बारिश का पानी घुसने के कारण भोजन नहीं बना। बेतिया शहर की सड़कों पर बारिश का पानी बह रहा है। गंडक का जलस्तर 2.64 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। गंडक राज हाई अलर्ट पर है। गोबरहिया गांव के पास भलुई नदी के पास का बांध का 20 फीसद हिस्सा टूट गया। इससे 400 घर जलमग्न हो गए। मधुआ गांव में विशाल पीपल का पेड़ गिरने से तीन लोग घायल हो गए। एक घर क्षतिग्रस्त हो गया। सिकरहना नदी की बाढ़ से लौरिया -नरकटियागंज पथ पर डायवर्सन ध्वस्त हो गया है। कटहा नदी के कटाव से गौनाहा प्रखंड के मर्जदी में 50 मीटर एप्रोच पथ ध्वस्त हो गया। गांगुली नदी की तेज धारा में एसएसबी 44 बटालियन के 15 जवानों को लेकर जा रहा एक वाहन फंस गया। ग्रामीणों ने किसी तरह निकाला। नरकटियागंज स्टेशन का ट्रैक बारिश के पानी में डूब गया। इससे चार घंटे तक परिचालन ठप रहा। गोनौली गांव में नाव पर बरात निकली। 

समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के रुपौली गांव में ठनका गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मोहनपुर ओपी क्षेत्र के दशहरा बोथनाला के पास ठनका गिरने से एक किशोर झुलस गया।

शिवहर में बागमती नदी तटबंध पर ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। स्टेट हाईवे के बेलवा के पास जलजमाव से आवागमन ठप है। पूर्वी चंपारण, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में बारिश से जलजमाव की समस्या बढ़ गई है।

20 जून तक सक्रिय रहेगा मानसून

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा ( समस्तीपुर) के मौसम विभाग द्वारा 20 जून तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले चौबीस घंटे में कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। 20 जून तक 60 से 70 मिमी तक वर्षा हो सकती है। 16 जून की सुबह से 20 जून की सुबह तक मानसूनी सक्रियता से वर्षा की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 90 से 95 फीसद और दोपहर में 80 से 85 फीसद रहने की संभावना है। पुरबा हवा औसतन 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। किसानों को खेतों से जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.