गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज में एफसीआई (FCI) यानी फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और रेलवे की लापरवाही से करीब एक हजार बोरी में रखा सैकड़ो क्विंटल अनाज खराब हो गया. एफसीआई द्वारा आनन-फानन में बर्बाद हुए गेहूं को गोदाम में भेज दिया गया है. मामला मीरगंज के हथुआ रेलवे स्टेशन के रेक पॉइंट का है. दरअसल एफसीआई द्वारा पंजाब से 52 हजार बोरियों में गेहूं मंगाया गया था. इस गेहूं की ढुलाई रेलवे के द्वारा की गई थी लेकिन ढुलाई से पहले एफसीआई और रेलवे के द्वारा गेहूं की ठीक से पैकिंग या रख रखाव नहीं की गई जिसकी वजह करीब एक हजार से ज्यादा बोरे में रखा गेहूं खराब हो गया है.
एफसीआई के अधिकारी इसे ट्रांसपोर्टेशन लॉस बता रहे हैं और इसे अनाज की मामूली बर्बादी कह कर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं. हमारे सहयोगी चैनल न्यूज़18 की टीम ने ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि कैसे हथुआ रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी में एफसीआई से गेहूं की ढुलाई की गई है. 42 बोगी में 52 हजार बोरी गेहूं मंगाए गए हैं और प्रत्येक बोगी में करीब 30 से 40 बोरी गेंहू पानी की वजह से भीग गए हैं. भींगने की वजह से गेहूं पर अनाज जम गए हैं और बिल्कुल बर्बाद हो गए हैं. एफसीआई के सहायक मैनेजर हंसराज सिंह के मुताबिक महज 25 से 30 क्विंटल अनाज ही लॉस हुआ है और जितने भी गेहूं के बोरे पानी की वजह से भींग गए है उसे सुखा कर दोबारा उपयोग में लाया जाएगा.हालांकि एफसीआई एजी के द्वारा आला पदाधिकारियों को विभाग के द्वारा जो रिपोर्ट भेजी गई है उस रिपोर्ट के मुताबिक रेलवे के प्रत्येक बोगी में 15 से 25 बोरी अनाज के भींगे हैं इस हिसाब से ट्रेन की 42 बोगी में करीब एक हजार बोरी गेंहू पानी की वजह से भीग गए हैं.





Leave a Reply