BIHARBreaking NewsSTATE

पप्पू यादव की बेल रिजेक्ट / मधेपुरा सेशन कोर्ट में जमानत पर हुई सुनवाई, अपहरण के केस में 21 दिनों से सलाखों के पीछे हैं पूर्व सांसद

पूर्व सांसद और जाप सुप्रीमो पप्पू यादव को 32 साल पुराने अपहरण के मामले में जमानत नहीं मिल पाई। उनकी बेल रिजेक्ट हो गई है। अब उनके पास हाईकोर्ट जाने का विकल्प है। जिला कोर्ट ने गवाहों और तमाम सबूतों को देखते हुए सुनवाई कर ली है। मधेपुरा सेशन कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान उनके वकीलों ने पप्पू यादव की जमानत की मांग को लेकर अपनी दलील दी थी। जिस पर कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

निर्णय का इंतजार करते रहे समर्थक

पप्पू यादव फिलहाल दरभंगा मेडिकल कॉलेज में अपना इलाज करा रहे हैं। इससे पहले आज सुबह 8:00 बजे सेशन कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। पप्पू यादव के वकीलों ने जमानत दिए जाने के पक्ष में दलील रखी और इसके बाद सुनवाई पूरी करते हुए कोर्ट ने फैसला रिजर्व रख लिया। पप्पू यादव के समर्थक कोर्ट के निर्णय का इंतजार करते रहे।

जेल में बंद जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव स्लिप डिस्क की परेशानी होने के बाद फिलहाल दरभंगा के DMCH में भर्ती हैं। उनकी 14 दिन की न्यायिक हिरासत पिछले हफ्ते के मंगलवार को पूरी हो गई थी। समर्थकों ने न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने के साथ ही उन्हें बेल देने की मांग शुरू कर दी। समर्थकों ने सरकार पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है।

32 साल पहले का है मामला

32 साल पहले बिहार के मधेपुरा के उदाकिशुनगंज के कुमार खंड थाने में 1989 में अपहरण का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पप्पू यादव को अभियुक्त बनाया गया था। पूर्व सांसद पप्पू यादव पर अपने चार साथियों के साथ मिलकर दो युवकों का अपहरण करने का आरोप लगाया गया था। मधेपुरा जिला के मुरलीगंज थाना के मिडिल चौक से रामकुमार यादव और उमा यादव का अपहरण किया गया था।

इस मामले में शैलेन्द्र यादव ने पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, कुछ दिनों के बाद अपहृत दोनों युवक सकुशल वापस लौट गए थे। इसी मामले में पप्पू यादव की तीन महीने बाद गिरफ्तारी हुई थी। कुछ महीने जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आ गए थे। इसके बाद उनका सियासी सफर शुरू हो गया और विधायक के बाद सांसद बनते चले गए। इस मामले में पप्पू यादव ने बेल ली हुई थी, लेकिन ये बेल टूट गई थी, जिसके बाद 22 मार्च 2021 को कोर्ट ने वारंट जारी किया था। इसी मामले में पप्पू यादव को 11 मई को पटना से गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.