Cyclone Yaas Impact in Bihar LIVE Updates बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में उठा यास तूफान (Cyclone Yaas) बिहार में प्रवेश करते ही कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) में बदल गया है। तूफान के कारण बिहार में जगह-जगह भारी बारिश (Heavy Rain) हो रही है। अगले दो दिनों तक पूर्वी व दक्षिणी बिहार (East & South Bihar) में तेज आंधी के साथ भारी बारिश (Heavy Rain with Thunderstorm) के आसार हैं। आंधी-बारिश के कारण जगह-जगह जल-जमाव हो गया है। कोरोनावायरस के संक्रमण काल में पटना सहित राज्य के कई अस्पतालों में भी पानी घुस गया है। पेड़ आदि गिर गए हैं। पटना सहित कई जगह बिजली आपूर्ति भी बााधित हुई है। तूफान का वायु, रेल व सड़क यातायात पर भी असर पड़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में तूफान कमजोर पड़ रहा है, जिससे जान-माल की अधिक क्षति की आशंका नहीं दिख रही है। तूफान कमजोर होकर धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश (East UP) की ओर आगे बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार तक यह पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंच जाएगा। तब तक इसकी तीव्रता काफी कमजोर हो जाएगी।null
CYCLONE YAAS IN BIHAR LIVE UPDATES:
12:30 PM: पानी में डूबीं पटना जंक्शन की रेल पटरियां
पटना जंक्शन पर भी जल-जमाव का असर दिखने लगा है। भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर पानी आ गया है। हालांकि, ट्रेनों का परिचालन अभी बाधित नहीं हुआ है। ट्रेनों का परिचालन सतर्कता के साथ किया जा रहा है।

12:00 PM: पटना एयरपोर्ट पर 16 घंटे बाद विमान सेवा शुरू
यास तूफान को देखते हुए पटना एयरपोर्ट पर बीती शाम से बंद उड़ानें 16 घंटे बाद शुरू कर दी गईं हैं। आज की पहली उड़ान हैदराबाद की है। आज भी मौसम की यही स्थिति बरकरार रही तो तीन दर्जन से अधिक उड़ानें रद रहेंगीं।
11:30 AM: यास तूफान के कारण हो रही बारिश सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित जयप्रभा सेतु का मुहाना बहा ले गई। पुल का मुहाना धंसने के कारण बिहार व उत्तर प्रदेश के बीच सड़क संपर्क भंग हो गया है।null
11:00 AM: कटिहार में भारी बारिश से जलजमाव, अस्पताल में घुसा पानी
कटिहार में यास तूफान के असर से भारी बारिश हो रही है। इससे शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में भारी जलजमाव हो गया है। कटिहार सदर अस्पताल मे भी बारिश का पानी घुस गया है। अस्पताल के वार्डों व ओपीडी में भी पानी ही पानी है। भारी बारिश से महानन्दा नदी के जलस्तर में चार सेमी की वृद्धि हुई है। पटना के फतुहा स्थित अस्पताल में भी जल-जमाव हो गया है। पटना के कंकड़बाग में जयप्रभा अस्पताल में भी पानी लग गया है। पटना के फुलवारीशरीफ के खोजा इमली के नजदीक एनएच 98 पर बारिश का पानी जमा हो गया है। कुआं से एम्स तक जाने वाली सड़क जलमग्न है। एम्स जाने वाले मरीजों को परेशानी हो रही है।
10:30 AM: तूफानी बारिश होने के कारण पटना के कई भागों में जलजमाव हो गया है। तेजी से पानी निकलने के बावजूद राजेंद्र नगर रोड रोड संख्या एक और दो जलमग्न हो गए हैं। खेतान मार्केट रोड, बाजार समिति, रामपुर गांव, रामकृष्णा कॉलोनी, महावीर कॉलोनी, पंचवटी, राजवंशी नगर, दशरथा, एनटीपीसी कॉलोनी, रामकृष्णा नगर, जगनपुरा, पाटलिपुत्रा व कुर्जी में भी जल-जमाव देखने को मिल रहा है। ऊर्जा स्टेडियम के बगल में घुटनाभर पानी लगा है। गांधी मैदान जलमग्न हो गया है। चिल्ड्रेन पार्क गोलंबर, होटल मौर्या और रामगुलाम चौक के पास जलजमाव है। पटना जंक्शन के करबगिहया छोर की मुख्य सड़क पर पानी है। मीठापुर बस स्टैंड व बाइपास के दक्षिणी भाग भी जलमग्न हैं। नगर निगम की टीम जल निकासी में जुट गई है।

10:00 AM: बारिश से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहरी और ग्रामीण इलाके में जलजमाव हो गया है। गया, औरंगाबाद समेत अन्य जिलों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होने की खबरें हैं। मध्यम गति की हवा के साथ बारिश शुक्रवार को भी जारी है।
09:30 AM: बारिश के कारण जगह-जगह जल जमाव हो गया है। नदियों का जलस्तर भी धीरे-धीरे ऊपर उठने लगा है। फिलहाल पटना के अलावा भागलपुर, पूर्णिया, बक्सर, गया व कटिहार सहित कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। पटना में सड़कों पर जल-जमाव हो गया है। राज्य के अन्य भागों में भी यही हाल है। कटिहार में दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई घरों में भी पानी प्रवेश कर गया है।

09:00 AM: राजधानी पटना में भी कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। पटना के मजिस्ट्रेट कालोनी में बिजली के तार पर पेड़ गिरने के कारण बिजली व्यवस्था ठप पड़ गई थी। आज पेड़ हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया गया।
08:30 AM: राज्य में कई जगह बिजली गुल
यास तूफान का असर बिहटा की बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। बीते 24 घंटे से इलाके की बिजली गुल है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोग पानी के लिए भी परेशान हैं। बिजली विभाग के अधिकारी अनेक उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग के पदाधिकारी फोन कॉल भी नहीं उठा रहे हैं। पटना के बख्तियारपुर में भी 24 घंटे से बिजली गुल है। वहां भी लोगों को पानी के लिए परेशानी हो रही है। शेखपुरा व कटिहार सहित पूरे राज्य में और भी कई जगह बिजली व्यवस्था बाधित होने की खबरें मिल रहीं हैं।
08:00 AM: पटना में बारिश की गति थोड़ी कम हुई है, इसके बावजूद परेशानी बनी हुई है। शहर के कई मोहल्लों में जलजमाव की समस्या सामने आई है। निचले इलाकों में घुटने भर पानी भर गया है। सुबह-सुबह तेज हवा चल रही है।



Leave a Reply