बिजली की दर को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी गंभीर हैं. वे शुरू से चाह रहे हैं कि पूरे देश में बिजली की दर एक हो. जब भी मौका मिलता है, इस मांग को रखने में पीछे नहीं रहते हैं. आज शनिवार को भी एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिजली दर का मुद्दा समीक्षा बैठक में रखा.
दरअसल, केंद्र की ओर से विभिन्न राज्यों को मिलने वाली बिजली की दर अलग-अलग हैं. बिहार के लिए कुछ रेट है तो पश्चिम बंगाल के लिए कुछ. ऐसे में आज जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की तो उन्होंने दर को लेकर भी चर्चा की. बैठक में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद थे.
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में लोगों को बिजली की आपूर्ति हमलोग कम दर में कर रहे हैं. वास्तविक बिजली दर के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी को भी बिजली बिल में अंकित किया जाता है. राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए हमलोग बाहर से भी बिजली खरीद रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमलोग लोगों की सेवा कर रहे हैं, राज्यहित में काम कर रहे हैं. हमलोगों की मांग रही है कि पूरे देश में बिजली की एक दर हो. उन्होंने यह भी कहा कि हर घर तक बिजली का कनेक्शन पहुंचा दिया गया है. लोगों को लगातार बिजली मिल रही है. सभी लोग बिजली का सदुपयोग करें, दुरुपयोग न करें. यह पर्यावरण के हित में भी है.





Leave a Reply