नगर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार सब्जी मंडी इलाके में गार्ड को गोली मारकर कैश वैन से 88 लाख लूट के प्रयास मामले में तीसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ है। सीसी कैमरे के फुटेज में तस्वीर होने के बाद भी अब तक अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। वैसे खुफिया इनपुट पर पुलिस की विशेष टीम ने कई जगहों पर छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। दोनों की निशानदेही पर बुधवार की रात व गुरुवार को कई जगहों पर छापेमारी हुई, मगर अब तक कोई कामयाबी नहीं मिली है। इधर, पुलिस की प्रारंभिक जांच में स्थानीय के साथ दूसरे जिले के अपराधियों की संलिप्तता सामने आ रही है। इसमें स्थानीय लाइनर की भूमिका सामने आई है। अपराधियों का सुराग पाने के लिए समस्तीपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, वैशाली व मोतिहारी पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। एक दिन पूर्व समस्तीपुर में भी बैंक लूट की वारदात हुई थी। पहचान के लिए यहां के फुटेज को दूसरे जिले की पुलिस से भी शेयर किया गया है। सिटी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी को विभिन्न जगहों पर कार्रवाई चल रही है। बता दें कि मंगलवार की दोपहर पुरानी बाजार में बाइक सवार दो अपराधियों ने वैन के गार्ड को गोली मार कैश लूटने की कोशिश की थी।





Leave a Reply