- चक्रवाती तूफान टाउते के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच सोमवार को मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बहुत तेज हवाओं के साथ बारिश के मद्देनजर यहां पुलिसकर्मियों को हाईअलर्ट पर रखा गया है तथा संचार एवं बाढ़ संबंधी जीवन रक्षक उपकरणों को तैयार रखा गया है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यहां थानों एवं यातायात चौकियों पर पर्याप्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराये गये हैं.
- 17:42(IST)कर्नाटक के तटीय और मलनाड जिले के आसपास समुद्री चक्रवात से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, आज सुबह तक 121 गांव और 22 तालुका चक्रवात से प्रभावित हुए हैं.
- 17:40(IST)महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में भीषण चक्रवाती तूफान टाउते से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई. राज्य सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी.
- 17:37(IST)समुद्री तूफान टाउते के कारण मुंबई का जुहू बीच आज सुनसान है. समुद्र में भी हलचल तेज हो गई है.
- 17:28(IST)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चक्रवात टाउते के कारण तटीय राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के मुख्यमंत्रियों के अलावा दमन और दीव के उपराज्यपाल से चर्चा की और ताजा स्थिति की जानकारी ली. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. चक्रवाती तूफान टाउते के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सोमवार को बहुत तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे जगह जगह पेड़ उखड़ गये एवं ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
- 17:18(IST)समुद्री तूफान के कारण महाराष्ट्र में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं. राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश भारी तबाही मचा रही है.
- 16:55(IST)उद्धव ठाकरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समुद्री तूफान टाउते के हालात पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से की बात.
- 16:41(IST)मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि आज रात 8 से 11 बजे के बीच समुद्री तूफान टाउते गुजरात से तट से टकरा सकता है. राज्य में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं.
- 16:21(IST)चक्रवाती तूफान टाउते के खतरे को देखते हुए मुंबई एयरपोर्ट को कुछ घंटे के लिए बंद किया गया है.
- 16:13(IST)अरब सागर में आए चक्रवाती तूफान के कारण मुंबई में सोमवार अपराह्न 114 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली. स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बताया कि आज दिन भर में यह सबसे तेज आंधी है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा जारी बयान के अनुसार, दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में अफगान चर्च स्थित मौमस विभाग के केंद्र ने दोपहर करीब दो बजे हवा की रफ्तार 114 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की. बयान के अनुसार, दोपहर करीब 12:15 बजे मौसम केन्द्र ने हवा की गति 111 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की थी. बीएमसी ने मुंबई में मौसम निगरानी के लिए 60 स्वचालित (ऑटोमैटिक) मौसम केन्द्र बनाए हैं.
Cyclone Tauktae LIVE Updates: अरब सागर से उठा समुद्री तूफान टाउते केरल, कर्नाटक और गोवा के तटवर्ती इलाकों में भारी तबाही मचाने के बाद अब आगे बढ़ गया है. चक्रवाती तूफान टाउते 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से मुंबई की ओर बढ़ रहा है. ये तूफान अभी मुंबई से करीब 200 किलोमीटर और गुजरात से 400 किलोमीटर दूर है. टाउते तूफान से निपटने के लिए मुंबई में एनडीआरएफ की तीन टीमों समेत पूरे महाराष्ट्र में 12 टीमें तैनात की गई हैं.
मुंबई में अभी बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं. ऐसे में मुंबई में कोरोना वैक्सीनेशन रोका गया है और कोरोना मरीजों को दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया है. एयरपोर्ट भी 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा. मुंबई वर्ली सी लिंक को भी बंद किया गया है. हाईटाइड की आशंका जाहिर की गई है. वहीं, गुजरात में आज शाम 5 बजे तक ये तूफान पोरबंदर के तट से टकराएगा. यहां के तटीय इलाकों से लोगों को हटा लिया गया है.





Leave a Reply