जाप सुप्रीमो पप्पू यादव का इलाज अब दरभंगा के डीएमसीएच में ही होगा. मेडिकल बोर्ड ने अपने आदेश को वापस ले लिया. पप्पू यादव ने मेडिकल बोर्ड और डीएमसीएच अधीक्षक से गुहार लगाई थी कि उन्हें पटना नहीं रेफर किया जाए. उनका इलाज दरभंगा में ही किया जाए. इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने अपनी अनुशंसा वापस ले ली. उधर, आज शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद पप्पू यादव को मेदांता में कई तरह के टेस्ट कराए गए हैं. इसकी रिपोर्ट रात या कल तक आएगी.
दरअसल, जाप सुप्रीमो पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ती देख मेडिकल बोर्ड ने दरभंगा के डीएमसीएच से पटना के पीएमसीएच स्थित आइजीआइसी में शिफ्ट करने की अनुशंसा की थी. उन्हें पटना लाने की प्रशासनिक तैयारी लगभग पूरी हो गई थी. इसके बाद पप्पू यादव ने डीएमसीएच अधीक्षक को पत्र लिखकर दरभंगा में ही इलाज कराने की अनुमति देने की गुहार लगाई.
पप्पू यादव ने अपने पत्र में लिखा कि उन्हें कोरोना काल में एक स्थान से दूसरे स्थान के लिए स्थानांतरित न किया जाय. ऐसा ही सर्वोच्च न्यायालय का भी आदेश है. उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. उनके पांव में ब्लड सर्कुलेशन कम है, किडनी में पथरी की समस्या है, यह सभी इलाज अपने विवेक से जांच के उपरांत सुनिश्चित कराएं. उन्होंने कहा कि उनका पहले से तीन-तीन ऑपरेशन हो चुके हैं. वह सालों से कई बीमारियों से जूझते आ रहे हैं. ऐसे में हल्की सी लापरवाही या अनदेखी उनकी जान के लिए खतरा बन सकता है.
जाप सुप्रीमो ने अस्पताल के डॉक्टरों से अपील की कि वह डीएम के नहीं, बल्कि अपने विवेक से इलाज करें. उन्हें डीएमसीएच के ही डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाय. बताया जाता है कि इसके बाद मेडिकल बोर्ड ने अपनी अनुशंसा को वापस ले लिया. इससे पटना रेफर का मामला टल गया है. अनुशंसा वापस लेेने के बाद अब पप्पू यादव का दरभंगा के डीएमसीएच में ही इलाज होगा.






Comment here