शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसकेएमसीएच में कोरोना मरीज व परिजनों को झेलनी पड़ रहीं समस्याओं को लेकर अब तक परिजनों की कही-सुनी बातें ही सामने आ रही थीं। गुरुवार को दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने पीपीई किट में मास्क पहन कर पूरे एहतियात के साथ कोविड वार्डों की पड़ताल की, तो लगा कि सारी बातें सच हैं। वार्डों में भ्रमण के दौरान भास्कर रिपोर्टर को भी कोई रोकने-टोकनेवाला नहीं मिला।
सरकार व प्रशासन की ओर से लगातार सख्त आदेश जारी होने के बावजूद काेविड डेडिकेटेड वार्डाें में कदम-कदम पर लापरवाही, असावधानी और मनमानी दिखी। यहां मरीज व परिजनों की परेशानी पहुंचने के साथ शुरू हो जाती है। उन्हें स्वयं ही वार्ड व बेड ढूंढ़ना पड़ता है। इस अस्पताल में अव्यवस्था और इलाज में लापरवाही के किस्से आम हैं।
काेराेना की दूसरी भयावह जानलेवा लहर में काेविड डेडिकेटेड वार्डों में भी कुव्यवस्था बदस्तूर जारी है। लापरवाही का आलम यह है कि परिजन कोरोना संक्रमितों के साथ उठते-बैठते दिखे। एसकेएमसीएच प्रबंधन ने भी इस ओर से आंखें मूंद रखी हैं। यहां तक कि तीमारदारों के झाेले-कपड़े भी वार्ड में ही फैले थे। वे मरीज के लिए खाना लाते हैं। उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर लाने के साथ यह भी देखना पड़ता है कि उसका फ्लो ठीक है कि नहीं।
वार्ड में डाॅक्टर रहते नहीं और पारामेडिकल स्टाफ सुनते नहीं। ऐसे में परिजन भी खुद सारा कुछ करने को लाचार दिखे। पीपीई किट की कौन कहे, कई के चेहरे से मास्क भी खिसका था। हां, लाेग अपने हिसाब से सावधानी के लिए परदा जरूर टांगे हुए थे। वार्ड में लाेगाें की आवाजाही पर काेई राेकने-टाेकने वाला भी नहीं। ये परिजन मरीजों के साथ भोजन, दवा, ऑक्सीजन सिलेंडर आदि लाने के लिए बाहर भी आते-जाते दिखे।
क्लाेज सर्किट कैमरा व बाहर डिस्प्ले स्क्रीन नहीं लगे
इलाज में लापरवाही के आराेपाें के बीच पिछले महीने काेविड वार्ड में क्लाेज सर्किट कैमरे लगाने की घोषणा हुई। जिला प्रशासन के आदेश पर बाहर लाउंज में डिस्प्ले स्क्रीन लगाना था, ताकि मरीजों के इलाज का दृश्य परिजन बाहर से ही देख सकें। यह घोषणा भी हवा-हवाई साबित हुई। जबकि, कैमरे लग जाने से डॉक्टर्स और नर्सिंग-पैरामेडिकल स्टाफ काे भी लाभ मिलता।
सदर अस्पताल के कोरोना वार्ड में अभी 17 मरीज हैं भर्ती
सदर अस्पताल एमसीएच भवन में ऑक्सीजन युक्त 30 बेड पर एक सप्ताह से काेराेना मरीजाें का इलाज चल रहा है। मॉनिटरिंग कर रहे डाॅ. नवीन कुमार के अनुसार अब तक यहां 21 मरीज भर्ती कराए गए। इनमें से दो स्वस्थ हाे घर जा चुके हैं। एक की मौत हो चुकी है। एक गंभीर मरीज काे एसकेएमसीएच रेफर किया गया। गुरुवार काे यहां 17 मरीज भर्ती थे, जिनमें 2 की स्थिति गंभीर थी। यहां प्रत्येक शिफ्ट में दाे डाॅक्टर, दाे एएनएम, एक फार्मासिस्ट सहित 6 स्टाफ की तैनाती की गई है। सभी बेड पर ऑक्सीजन की बेहतर सप्लाई है। मरीजाें के खाने-पीने की भी व्यवस्था है।
ग्लाेकल में 140 भर्ती, यहां गंभीर होने पर एसकेएमसीएच होते रेफर
प्रशासन की ओर से अधिग्रहित ग्लाेकल अस्पताल में सदर अस्पताल के डाॅ. सीके दास की निगरानी में कोरोना मरीजाें का इलाज होता है। यहां मरीज के अलावा अन्य किसी को प्रवेश नहीं मिलता। अब तक 140 भर्ती हुए जिनमें 74 स्वस्थ हो घर लौट चुके हैं। यहां से गंभीर मरीज काे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया जाता है। गुरुवार काे भी 2 मरीज रेफर किए गए। अब तक 33 रेफर हुए और 5 की माैत हाे चुकी है।
शिकायत पर होगी कार्रवाई
सबकी अलग-अलग जिम्मेदारी है। डॉक्टर नहीं रहते तो यह काम कोर कमेटी का है। ट्रॉली में ऑक्सीजन सिलेंडर लगा है या नहीं, यह अस्पताल प्रबंधक को देखना है। कोई शिकायत नहीं करता, इसलिए कार्रवाई नहीं होती है।
-डॉ. बाबूसाहेब झा, अधीक्षक, एसकेएमसीएच
अब ऊपर होगी शिकायत
कुव्यवस्था सुधारने के लिए अधीक्षक काे दिशानिर्देश दिया गया था। परिजनों की एंट्री राेकने को पर्याप्त संख्या में वार्ड ब्वाॅय रखने, गार्ड की तैनाती, सीसीटीवी लगाने काे कहा गया था। वरीय अफसर से शिकायत होगी।
– सुनील कुमार झा, डीडीसी
ट्रॉली पर ऑक्सीजन नहीं- मरीज को लेकर घूमते रहे परिजन, बेड मिलते ही मौत
दोपहर 12:54 बजे सीतामढ़ी के बिंदेश्वर साह को परिजन ऑक्सीजन लगाए निजी गाड़ी से लेकर पहुंचे। ट्रॉली मिली तो उससे वार्ड के पास लाया। नर्सिंग स्टाफ ने कहा- बेड पर रखे बिना ट्रॉली पर ऑक्सीजन नहीं लगेगा। परिजन उन्हें ट्रॉली पर रख भर्ती कराने को 20-25 मिनट तक डाॅक्टर को खोजते रहे। इस बीच जैसे ही मोबाइल का कैमरा चमका, एक स्टाफ आनन-फानन में एनआईसीयू में एक बेड पर रख दिया। फिर भी ऑक्सीजन न लगाए जाने पर उन्होंने कुछ ही मिनटों मे दम तोड़ दिया।
परिजनों का रहना मजबूरी- अजय को चाहिए अधिक ऑक्सीजन, दो सिलेंडर खरीदे
वार्ड 9 में भर्ती अजय राय के परिजन कहते है कि उन्हें अस्पताल की पाइपलाइन से ऑक्सीजन मिल रही है। फिर भी ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती रहती है। परिजन दो सिलेंडर खरीद कर रखे हुए हैं। छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर को भरवाने के लिए स्टाफ से स्लिप लेना पड़ता है। स्लिप व दवा आदि के लिए जाने के दौरान ऑक्सीजन का फ्लो ठीक से चलता रहे, इसलिए अजय राय के साथ दो-तीन परिजन हमेशा ही रहते हैं। कोरोना वार्ड में यह स्थिति खतरनाक तो है ही।
मिन्नत का भी असर नहीं- भर्ती होने के बाद 2 घंटे लग गए ऑक्सीजन लगने में
कोरोना संक्रमित गीता देवी को ट्रॉली पर लेकर बिना ऑक्सीजन लगाए परिजन बेड की तलाश में वार्ड-वार्ड भटक रहे थे। वार्ड 3 में डॉक्टर मिले तो बेड खाली नहीं था, 9 में भेजा गया तो डॉक्टर नहीं थे। मरीज ट्रॉली पर पड़ी रहीं। नर्सिंग स्टाफ दवा-सूई चलाने को जल्दी कागजात बनवाने के लिए कह रही थीं। परिजन दौड़कर डॉक्टर के पास गए। हाथ-पैर जोड़ने पर पर भर्ती तो ले लिया गया, लेकिन रजिस्ट्रेशन होने तक बिना ऑक्सीजन 2 घंटे लग गए। इससे हालत और गंभीर हो गई।






Comment here