BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में एक हफ्ते बढ़ेगा लॉकडाउन! CM नीतीश कुमार ने भी दिया संकेत

बिहार में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ाए जाने की संभावना बढ़ गई है। बिहार सरकार के अधिकारियों, मंत्रियों और खुद मुख्‍यमंत्री की तरफ से इसके संकेत मिल रहे हैं, हालांकि इस बारे में अभी कोई भी फैसला हुआ नहीं है। बिहार में कोरोना की बेकाबू रफ्तार को थामने में लॉकडाउन काफी हद तक मददगार साबित हुआ है। लॉकडाउन के बाद नए संक्रमितों की तादाद घटी है। संक्रमण दर घटने के साथ ही रिकवरी दर बढ़ी है। कई हफ्तों के बाद बुधवार को नए संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार से नीचे आया। रिकवरी रेट में तो करीब 10 फीसद तक सुधार हो चुका है। व्‍यवसायियों और डॉक्‍टरों का एक बड़ा तबका भी लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने के पक्ष में है। लॉकडाउन की मियाद पूरी होने से ठीक पहले मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से जारी संदेश को इसी कड़ी में जोड़कर देखा जा रहा है।

जिलों से सरकार ने मांगा है फीडबैक

बिहार सरकार ने लॉकडाउन के प्रभाव और इसे आगे बढ़ाने की जरूरत को लेकर सभी जिलों से फीडबैक मांगा है। उम्‍मीद जताई जा रही है कि आज सभी जिलों से इस बारे में सरकार को सूचना मिल जाएगी। इसके बाद 14 या 15 मई तक लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने का फैसला लिया जा सकता है। लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ेगा या एक हफ्ते के लिए इस पर अभी चर्चा चल रही है। वैसे ज्‍यादा उम्‍मीद फिलहाल इसे एक हफ्ते के लिए ही बढ़ाए जाने की है।

राजनीतिक दलों से साथ मिलने की उम्‍मीद

नीतीश सरकार में प्रमुख सहयोगी दल भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल पहले ही लॉकडाउन लगाए जाने की मांग कर चुके थे। इसलिए सरकार को इस फैसले में भाजपा से पूरा सहयोग मिलने की उम्‍मीद है। कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां भी इस फैसले का विरोध करने के मूड में नहीं दिखती हैं। मुख्‍यमंत्री ने बुधवार को कहा कि लॉकडाउन से स्थिति सुधर रही है। इस विषम परिस्थिति से निकलने के लिए सभी के साथ और हौसले की जरूरत है। बिहार सरकार के मंत्री जिवेश कुमार लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की मांग खुले तौर पर कर चुके हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.