राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव आज काफी दिनों बाद अपने नेताओं-विधायकों के सामने आज वर्चुअल मुखातिब होंगे। आरजेडी के तमाम बड़े नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने और दिल्ली एम्स से डिस्चार्ज होने के बाद RJD सुप्रीमो एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं।
कोरोना की मुश्किल घड़ी में बिहार के तमाम विधायक विधान पार्षद और पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ राजद सुप्रीमो लालू यादव आज दोपहर 2 बजे वर्चुअल बैठक करेंगे। इस बैठक में लालू यादव अपने तमाम नेताओं से लंबे समय के बाद रूबरू होंगे। साथ ही सभी 144 नेताओं को इस मुश्किल वक्त में पार्टी की जिम्मेदारियों और अपने क्षेत्र विशेष में किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा करेंगे। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
पिछले महीने कोर्ट से बेल मिलने और एम्स अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद लालू यादव इन दिनों अपनी सांसद बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनके छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी दिल्ली में ही मौजूद हैं। इसके अलावा भी आरजेडी के कई बड़े नेता दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं।






Leave a Reply