BIHARBreaking NewsSTATE

CM नीतीश की अपील का असर, टलने लगी शादियों की डेट, होटल-मैरेज हॉल में बुकिंग कैंसिल

पटना. बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण के दूसरे चेन को तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शादी समारोह को लेकर जो लोगों से अपील की, उसका असर दिखाई पड़ने लगा है. पटना के होटलों- मैरेज हॉल्स में लोगों ने शादी की पुरानी बुकिंग को कैंसिल करके अब अगले महीने तक के लिए बढ़ाना शुरू कर दिया है. अकेले पटना के होटल मौर्या में मुख्यमंत्री की अपील के बाद पिछले एक-दो दिनों में तीन शादियों की बुकिंग कैंसिल कर दी गई है. लड़की या लड़के के परिवार वालों ने इस हफ्ते होने वाली शादियों को तत्काल रोककर उसे जून या जुलाई महीने में कराने का मन बनाया है.

शादियों की डेट आगे बढ़ाने के बाद वर या वधू पक्ष के लोग होटल वालों को फोन करके अगले महीने की बुकिंग कराने लगे हैं. होटलों या मैरेज हॉल संचालकों पर ऐसे लोग शादी समारोह की दोबारा बुकिंग के लिए प्रेशर बना रहे हैं. एनपी शाही जिनकी बेटी की शादी इसी महीने की 14 तारीख को होनी थी, उन्होंने भी बिहार सरकार के लॉकडाउन लगाने और उसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपील पर शादी समारोह टाल दिया है. शाही फैमिली ने आनन-फानन में होटल में फोन करके तत्काल बुकिंग कैंसिल करा दी और इस शादी को अगले महीने यानी जून में कराने का फैसला कर लिया.

न्यूज 18 से बात करते हुए एनपी शाही कहते हैं कि जान है तभी जहान है. बिहार में कोरोना के हालात के बीच वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपील को काबिलेतारीफ बता रहे हैं. साथ ही यह भी कहा कि सभी लोगों को इस अपील पर अमल करना चाहिए, क्योंकि जिंदगी बचेगी तो शादियां होती रहेंगी. इधर, होटल के अधिकारी भी मानते हैं कि लोगों की सुरक्षा सबसे अहम है.

पटना के होटल संचालकों ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपील का असर हो रहा है. बुधवार शाम से लेकर गुरुवार तक 3 शादियों की बुकिंग कैंसिल हो चुकी है. वर या वधू पक्ष के लोग अगले महीने या जुलाई में शादी की डेट तय कर दोबारा बुकिंग करा रहे हैं. होटल संचालकों ने कहा कि इससे होटल इंडस्ट्री को नुकसान तो हुआ है, लेकिन कोरोना को देखते हुए यह फैसला सही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.